Satna news: अंतत: बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों में किया गया सुधार

अंतत: बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों में किया गया सुधार
लंबे समय से तकनीकी गड़बड़ी के कारण बेकार थी पुलिस की तीसरी आंख

डिजिटल न्यूज़ सतना

तीसरी आंख की तरह अपराधिक गतिविधियों की निगरानी से लेकर चोर-बदमाशों की पहचान और धरपकड़ में पुलिस के बेहद काम आने वाले सीसीटीवी कैमरों का महत्व दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जिला मुख्यालय में ही प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों, बाजार और शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे स्टॉल किए गए हैं। इनमें अनुबंध के तहत पुलिस के लिए लगाए गए 112 कैमरे शामिल हैं, जिनके रखरखाव का जिम्मा कुछ समय पहले तक प्राइवेट कंपनी संभाल रही थी, मगर अनुबंध खत्म होने के बाद उसने काम छोड़ दिया। ऐसे में देखरेख की जिम्मेदारी पुलिस की रेडियो शाखा के कंधों पर आ गई। हाल ही में जब वरिष्ठ अधिकारियों ने इस संबंध में समीक्षा की, तो कई कैमरे बंद पाए गए, लिहाजा संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द सुधार कार्य के लिए निर्देशित किया गया। इसी कड़ी में गुरुवार को टेक्निकल टीम ने पन्नीलाल चौक, जयस्तंभ चौक और मेन मार्केट समेत अलग-अलग स्थानों पर बंद पड़े दो दर्जन से ज्यादा कैमरों को ठीक किया, तो बाकी जगह कैमरों के सामने आ रही बाधाओं को दूर किया। उक्त कैमरों का नियंत्रण सीधे पुलिस कंट्रोल रूम के पास रहता है।

आईटीएमएस के कैमरे भी मददगार ---

पुलिस के अलावा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर में जगह-जगह उच्च क्षमता के कैमरे लगाए गए हैं, जो यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के साथ संदिग्ध वाहनों और अपराधिक गतिविधियों की पड़ताल के दौरान पुलिस के काफी काम आते हैं। इनका रख-रखाव आईटीएमएस की टीम के द्वारा समय-समय पर किया जाता है।

Created On :   2 Oct 2026 1:33 PM IST

Tags

Next Story