Satna News: बरौंधा थाना क्षेत्र के घर में आग लगने से किसान की गृहस्थी खाक

बरौंधा थाना क्षेत्र के घर में आग लगने से किसान की गृहस्थी खाक
सूचना दिए जाने के घंटों बाद भी फायर ब्रिगेड गांव नहीं पहुंची।

डिजिटल डेस्क,सतना। बरौंधा थाना क्षेत्र में मझगवां-खैरवार गांव के एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसमें कच्चे मकान समेत गृहस्थी का पूरा सामान नष्ट हो गया। पुलिस ने बताया कि कृषक गिरधारी उर्फ छोटू खैरवार, अपने परिवार के साथ बुधवार सुबह से खेत पर काम कर रहे थे। इस दौरान देर शाम को अचानक घर में आग लग गई, जिसकी सूचना पड़ोसियों से मिलते ही वह परिजनों के साथ गांव लौटे, मगर तब तक पूरा घर लपटों से घिर चुका था।

ऐसे में पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित कर किसान ने परिजनों और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने के प्रयास प्रारंभ कर दिए। मोटर पंप का इंतजाम नहीं होने पर रस्सी-बाल्टी के जरिए कुएं से पानी खींचकर लपटों पर फेंका गया, मगर तीन घंटे की जद्दोजहद के बाद जब लपटों पर काबू पाया गया, तब तक सबकुछ खाक हो चुका था। सूचना दिए जाने के घंटों बाद भी फायर ब्रिगेड गांव नहीं पहुंची।

अनाज और कपड़े समेत आभूषण भी नष्ट

इस घटना में कच्चे मकान समेत अनाज, कपड़े, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज और सोने-चांदी के आभूषण भी आग की भेंट चढ़ गए, जिससे गिरधारी खैरवार का परिवार सडक़ पर आ गया है। गुरुवार सुबह हल्का पटवारी ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी, तो वहीं आगजनी की शिकायत पर पुलिस भी पड़ताल में जुट गई है। पीड़ित परिवार की मदद के लिए गांव के लोग भी आगे आए हैं।

Created On :   20 March 2026 2:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story