Satna News: तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, आक्रोशित ग्रामीण धरने पर बैठे, 2 घंटे तक ठप रहा यातायात

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, आक्रोशित ग्रामीण धरने पर बैठे, 2 घंटे तक ठप रहा यातायात
मैहर जिले में स्टेट हाइवे पर डेल्हा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सडक़ पर जाम लगा दिया, जिससे डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

Satna News: मैहर जिले में स्टेट हाइवे पर डेल्हा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सडक़ पर जाम लगा दिया, जिससे डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। पुलिस ने बताया कि वंशगोपाल साहू पुत्र स्वर्गीय कढोला साहू 91 वर्ष निवासी सोनवारी, मंगलवार की सुबह भैंस लेकर खेत की तरफ जा रहे थे, तभी लगभग साढ़े 9 बजे डेल्हा मोड़ पेट्रोल पंप के सामने मैहर की तरफ से आए ट्रक क्रमांक एमपी 19 एचए 8053 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बुजुर्ग को चपेट में लेकर कई मीटर तक घसीट दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

नहीं उठाने दिया शव ---

दुर्घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, तो वहीं यह खबर लगते ही मृतक के परिजन और ग्रामीणजनों ने घटना स्थल पर एकत्र होकर सडक़ जाम कर दी, जिससे छोटे-बड़े सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। आक्रोशित लोगों का आरोप था कि इस मार्ग पर चौबीसों घंटे ओवर लोड वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। भारी वाहनों में ओवरलोडिंग रोकने और आवागमन की समय-सीमा तय करने के साथ मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता की मांग भी रखी गई। धरना-प्रदर्शन की सूचना पर तहसीलदार जितेन्द्र पटेल और सीएसपी महेन्द्र सिंह चौहान ने मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। तब जाकर दो घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन खत्म हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को मरचुरी भेजकर पोस्टमार्टम कराया और ट्रक जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया।


Created On :   19 March 2026 3:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story