Satna News: रामपुर बाघेलान थाने में पदस्थ पुलिस कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत

रामपुर बाघेलान थाने में पदस्थ पुलिस कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत
पीड़ित पुलिसकर्मी को एंबुलेंस से आनन-फानन एसजीएमएच रीवा ले जाया गया, मगर रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।

डिजिटल डेस्क,सतना। रामपुर बाघेलान थाने में पदस्थ पुलिस आरक्षक विकास चतुर्वेदी (45) की सडक़ हादसे में मौत हो गई, जिस पर मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई है। पुलिस ने बताया कि भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद लगभग 9 साल पहले पुलिस में भर्ती हुए विकास वर्तमान समय पर रामपुर की बेला चौकी में कार्यरत थे, जहां बुधवार को उनकी ड्यूटी डायल 112 में लगाई गई थी।

रात करीब 9 बजे शिफ्ट बदलने के बाद विकास बाइक लेकर रीवा की तरफ जा रहे थे, तभी केमार-चोरहटा बार्डर पर सुभाष राइस मिल के सामने कोई अज्ञात वाहन बाइक को जोरदार टक्कर मारकर भाग निकला, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। पीड़ित पुलिसकर्मी को एंबुलेंस से आनन-फानन एसजीएमएच रीवा ले जाया गया, मगर रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।

बताया गया है कि कांस्टेबल विकास मूल रूप से रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना अंतर्गत पथरी गांव के रहने वाले थे। दुर्घटना में उनकी मौत की सूचना मिलते ही टीआई संदीप चतुर्वेदी समेत कई पुलिस अधिकारी भी एसजीएमएच पहुंच गए थे।

Created On :   19 March 2026 1:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story