- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- अलग-अलग जगह कुएं में गिरने से युवक...
Satna News: अलग-अलग जगह कुएं में गिरने से युवक और बालिका की मौत

डिजिटल डेस्क,सतना। उचेहरा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में युवक और मासूम बालिका की कुएं में गिरने से मौत हो गई, जिस पर मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
केस-1
पुलिस ने बताया कि रमपुरवा निवासी उमेश कुमार पटेल पुत्र पूरन प्रसाद 36 वर्ष, मंगलवार रात को खाना खाने के बाद कमरे में सो गए, लेकिन बुधवार सुबह जब पत्नी और बच्चों की नींद खुली तो वह नजर नहीं आए। ऐसे में परिजन आसपास खोजबीन करने लगे, पर जब कुछ पता नहीं चला तो संदेह के आधार पर आंगन के पास बने कुएं में कांटा डालकर सर्च किया गया, जिसमें उमेश की लाश फंस गई।
तब उसे आनन-फानन बाहर निकालकर हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि रात में नित्यक्रिया के लिए कमरे से बाहर निकला युवक अंधेरे में कुएं का अंदाजा नहीं लगा पाया और संतुलन खोकर नीचे गिर गया।
केस-2
दूसरी घटना बंदरहा गांव में सामने आई, जहां बुधवार शाम को तकरीबन 5 बजे घर के पास खेल रही 4 वर्षीय आंचल पुत्री अजय सेन, अचानक संतुलन खोकर बिना बाउंड्री वाले कुएं में जा गिरी। यह देखकर दूसरे बच्चों ने शोर मचाया तो मोहल्ले-पड़ोस के लोग बचाव के लिए जुट गए और खेत में काम कर रहे उसके माता-पिता को भी बुला लिया। जल्द ही बच्ची को बाहर निकालकर हॉस्पिटल ले जाया गया, मगर तब तक उसकी सांसें थम चुकीं थीं।
Created On :   19 March 2026 1:30 PM IST












