- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- मैहर नगर प्राइवेट स्कूल संचालक की...
Satna News: मैहर नगर प्राइवेट स्कूल संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

डिजिटल डेस्क,सतना। मैहर नगर की पुरानी बस्ती में प्राइवेट स्कूल का संचालन करने के साथ वहीं निवास करने वाले अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बंद कमरे में फर्श पर अर्धनग्न हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई है तो वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि अनिल तिवारी पुत्र स्वर्गीय पवन तिवारी 55 वर्ष, निवासी हनुमना, जिला रीवा, बीते काफी समय से पुरानी बस्ती उत्तर दरवाजा में सीमा शिशु विकास पूर्व माध्यमिक विद्यालय का संचालन कर रहे थे। वे स्कूल परिसर की पहली मंजिल पर बने कमरे में रहते भी थे।
पुलिस टीम दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी
इन दिनों छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं चल रहीं हैं, जिसके चलते बुधवार की सुबह विद्यालय के शिक्षक और स्टूडेंट्स निर्धारित समय से पहले ही पहुंचने लगे, मगर काफी कोशिशों के बाद भी गेट नहीं खुला और न ही अनिल ने फोन उठाया। तब किसी टीचर ने डायल 112 पर संपर्क कर मदद मांगी तो पुलिस टीम ने फौरन स्कूल पहुंचकर दरवाजा तोड़ते हुए अंदर प्रवेश किया, जहां स्कूल संचालक अपने कमरे के फर्श पर बेसुध पड़े मिले।
डॉक्टर ने मृत घोषित किया
यह देखकर पुलिसकर्मियों ने उन्हें आनन-फानन सिविल अस्पताल लेकर गए तो ड्यूटी डॉक्टर ने चेकअप कर मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शव को मरचुरी में रखवाते हुए परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है, वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगी।
Created On :   19 March 2026 1:18 PM IST












