Satna News: मुंबई से गोरखपुर की यात्रा कर रहा यात्री ट्रेन से नदी में गिरा, मौत

मुंबई से गोरखपुर की यात्रा कर रहा यात्री ट्रेन से नदी में गिरा, मौत
सतना नदी पर बने पावा पुल से जब ट्रेन गुजर रही थी, तभी झटका लगने से गेट पर खड़ा युवक नीचे जा गिरा

डिजिटल डेस्क,सतना। मुंबई से अपने घर गोरखपुर जा रहा युवक चलती ट्रेन से सतना नदी में गिरकर काल के गाल में समा गया, जिसका शव बरामद कर जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरभद्र विशाल पुत्र स्वर्गीय राकेश 22 वर्ष, निवासी तारामंडल, जिला गोरखपुर-यूपी, पिछले काफी समय से मुंबई में रहकर पेंटिंग का काम कर रहा था।

चैत्र नवरात्र के चलते काम से छुट्टी लेकर वह एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस से अपने घर लौट रहा था, मगर तय समय पर घर नहीं पहुंचा तो परिजन ने फोन पर संपर्क किया, लेकिन मोबाइल स्वीच ऑफ मिला, ऐसे में स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया।

सर्चिंग के दौरान मिला शव

तब खोजबीन प्रारंभ की गई तो मोबाइल की आखिरी लोकेशन सतना के पास मिली, लिहाजा आरपीएफ-जीआरपी ने सर्चिंग प्रारंभ कर मंगलवार शाम को सतना नदी से वीरभद्र का शव बरामद कर लिया। उसके पास मिले फोन और परिचय पत्र से शिनाख्त कर बड़े भाई राजवीर को सूचित किया गया, जो कुछ रिश्तेदारों के साथ बुधवार दोपहर को सतना पहुंचे, जिसके बाद जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराते हुए लाश उनके सुपुर्द कर दी।

शव की खराब हालत को देखते हुए परिवार वालों ने स्थानीय समाजसेवियों की मदद से यहीं पर युवक का अंतिम संस्कार भी कर दिया। माना जा रहा है कि सतना नदी पर बने पावा पुल से जब ट्रेन गुजर रही थी, तभी झटका लगने से गेट पर खड़ा युवक नीचे जा गिरा और मृत हो गया।

Created On :   19 March 2026 1:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story