- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- जिले के 214 में से 88 गांव राजस्व...
Satna News: जिले के 214 में से 88 गांव राजस्व नक्शा विहीन हैं

- 12 जुलाई की स्थिति में 1275 मरीजों के नाम प्रतीक्षा सूची में थे।
- चूना पत्थर की स्वीकृति अनुज्ञप्ति पर कलेक्टर ने रोक लगा रखी है।
Satna News: जिले के 214 में से 88 गांव राजस्व नक्शा विहीन हैं। विधायक विक्रम सिंह के सवाल के जवाब में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने यह जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि 126 ग्रामों के नक्शे डिजिटाइज्ड कर भू-अभिलेख पोर्टल में अपलोड किए जा रहे हैं। 88 ग्रामों के नक्शे नहीं हैं। इनके लिए ग्राउंड ट्रूथिंग चल रही है। बगैर नक्शे के सीमांकन संभव नहीं है। यह भी बताया गया कि बगैर नक्शे के सीमांकन किया जाना संभव नहीं है।
इसी मामले में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर से कहा कि 6 साल से ज्यादा समय हो गया है। संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि चूंकि वे सतना जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं, इसलिए जल्द से जल्द इस समस्या को दूर करवाने का प्रयास करेंगे।
जरूरत पर फ्लोर बेड का उपयोग
विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के प्रश्न पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि जिला चिकित्सालय में 400 बेड स्वीकृत हैं। मरीजो की संख्या बढ़ने पर फ्लोर बेड का उपयोग किया जाता है। अस्पताल में वरीयता के आधार पर सोनोग्राफी कराई जाती है। 12 जुलाई की स्थिति में 1275 मरीजों के नाम प्रतीक्षा सूची में थे।
लिलजी बांध में खदान नहीं
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने विधानसभा को बताया कि 1938 में बने लिलजी बांध के बडहरी मढ़ा, कैसौरा, पगरा, झिरिया, झिन्ना, केमार और पैपखरा समेत 12 गांवों की 862.485 हेक्टेयर जमीन नीचे का क्षेत्र होने से जल संसाधन से राजस्व को वापस की गई थी। काबिज किसानों द्वारा खेती की जा रही है। कोई भी लगान जमा नहीं किया जा रहा। इन किसानों को वर्तमान में कृषि भूमि का पट्टा वितरण की कोई कार्यवाही संचालित नहीं है। बांध की जमीन पर लीज स्वीकृत नहीं है। चूना पत्थर की स्वीकृति अनुज्ञप्ति पर कलेक्टर ने रोक लगा रखी है।
Created On :   1 Aug 2025 1:29 PM IST