- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- सरभंगा में बाघ संरक्षण के लिए वन...
Satna News: सरभंगा में बाघ संरक्षण के लिए वन विभाग ने बनाई 2 करोड़ की कार्य योजना

- 2 करोड़ की प्रस्तावित कार्य योजना के तहत सरभंगा सर्किल के वन क्षेत्र में 3 पक्के नए वॉच टावर बनाए जाएंगे।
- वन क्षेत्र में टाइगर और पैंथर के लिए ब्रीडिंग सेंटर की कार्ययोजना भी बनाई गई थी।
Satna News: चित्रकूट उप वन मंडल के मझगवां रेंज की सरभंगा सर्किल में शाकाहारी एवं मांसाहारी वन्य प्राणियों के संरक्षण, संवर्धन एवं उनकी नियमित ट्रैकिंग पर वन विभाग 2 करोड़ रुपए की राशि खर्च करेगा। जानकारों ने बताया कि खनिज मद की यह राशि एमपी टाइगर फाउंडेशन सोसायटी के पास वर्षों से डंप थी।
इन्हीं सूत्रों के मुताबिक कार्ययोजना का फोकस सरभंगा सर्किल के उसी वन क्षेत्र में है,जहां 8 वर्ष पहले टाइगर रिजर्व वाइल्ड लाइफ सेंचुरी प्रस्तावित की गई थी। ये अलग बात है कि खनिज माफिया के दबाव और कमजोर राजनीतिक इच्छा शक्ति के चलते राज्य शासन के वन मंत्रालय ने इस बहुउद्देश्यीय एवं अति महत्वाकांक्षी प्रस्ताव को रद्दी की टोकरी में डाल दिया है।
बनाए जाएंगे 3 नए वॉच टावर
2 करोड़ की प्रस्तावित कार्य योजना के तहत सरभंगा सर्किल के वन क्षेत्र में 3 पक्के नए वॉच टावर बनाए जाएंगे। इनकी संख्या बढ़ कर 6 हो जाएगी। अभी एक पक्का और 2 कच्चे वाच टावर काम कर रहे हैं। इसी प्रकार 2 नए तालाब भी निर्मित किए जांएगे। इस वन क्षेत्र में पहले से 2 तालाब मौजूद हैं। अभी एक वाटर टैंक है।
इनकी संख्या बढ़ कर 4 हो जाएगी। बताया गया है कि अभी 200 कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे। सरभंगा सर्किल में अभी ऐसे 40 कैमरे लगे हैं। मैदानी वन अमले के लिए 50 मोबाइल भी खरीदे जाएंगे। इनमें एम स्ट्रिप एप अपलोड होगा, जो शाकाहारी एवं मांसाहारी वन्य प्राणियों की ट्रैकिंग को अत्याधुनिक बना देगा।
रद्दी की टोकरी में है टाइगर रिजर्व सेंचुरी
उल्लेखनीय है 2016 में तबके सीएफ आरबी शर्मा ने भौगोलिक स्थिति की अनुकूलता के कारण सभी प्रकार के वन्य प्राणियों की उपलब्धता के मद्देनजर मझगवां रेंज के सरभंगा सर्किल के 3 बीट की (43 कम्पार्टमेंट) 13 हजार 926 हेक्टेयर वन भूमि में वाइल्ड लाइफ सेंचुरी का प्रस्ताव राज्य शासन के वन मंत्रालय को भेजा था। वाइल्ड लाइफ टीम ने दो सर्वे करने के बाद बाघ संरक्षित अभयारण्य के प्रति सहमति भी दी थी।
इस वन क्षेत्र में टाइगर और पैंथर के लिए ब्रीडिंग सेंटर की कार्ययोजना भी बनाई गई थी। मौजूदा समय में सरभंगा के जंगल में लगभग 28 बाघ हैं। इनमें 25 टाइगर और 3 टाइग्रेस हैं। टाइगर स्टेट मध्य प्रदेश का यह इकलौता खुला जंगल (ओपन फारेस्ट) है, जहां दो दर्जन से भी ज्यादा टाइगर हैं।
ऐसी थी कार्ययोजना
टाइगर रिजर्व वाइल्ड लाइफ सेंचुरी
वन परिक्षेत्र : मझगवां
बीट : 3
कम्पार्टमेंट: 43
वन क्षेत्र : 13 हजार 925.979 हे.
संरक्षित वन क्षेत्र: 29
आरक्षित वन क्षेत्र : 14
Created On :   22 May 2025 2:54 PM IST