Satna News: सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच तोडफोड़ और मारपीट

सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच तोडफोड़ और मारपीट
पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर

डिजिटल डेस्क,सतना। सभापुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर में जमीन के विवाद पर दो पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज, मारपीट और तोडफोड़ की गई, जिस पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस विवाद के दो वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

एक दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक पक्ष से अनिरुद्ध ताम्रकार पुत्र स्वर्गीय पुरुषोत्तम ताम्रकार 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-8 ने आरोप लगाया कि उनका जमीनी विवाद राघवेन्द्र त्रिपाठी उर्फ चंगू के साथ काफी समय से चल रहा है। इसी रंजिश के चलते सोमवार की रात को तकरीबन 11 बजे आरोपी राघवेन्द्र अपने साथी शैलेन्द्र उर्फ मुन्ना पांडेय के साथ आधमका।

दोनों लोग जमकर गाली-गलौज करते हुए चार दिन पहले बनाई गई घर की दीवार गिराने लगे और जब पीडि़त और उसके परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने अनिरुद्ध और अंश ताम्रकार की पिटाई कर दी। उक्त प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296बी, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत कायमी की गई है।

वहीं दूसरे पक्ष से शैलेन्द्र कुमार पांडेय पुत्र स्वर्गीय चंद्रशेखर प्रसाद 56 वर्ष ने रिपोर्ट करते हुए बताया कि जमीन विवाद के चलते आरोपी अनिरुद्ध ताम्रकार ने जबरन उनका गेट बंद कर दिया और मना करने पर पत्नी शकुंतला पांडेय के साथ गाली-गलौज करने लगा।

इतना ही नहीं आरोपी ने अपनी पत्नी पूजा ताम्रकार के साथ मिलकर मारपीट भी कर दी, जिससे शकुंतला को चोटें आ गईं। इस मामले में भी बीएनएस की धारा 296बी, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

Created On :   1 July 2026 2:36 PM IST

Tags

Next Story