- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- टी-स्टाल संचालक पिता-पुत्र पर हमले...
Satna news: टी-स्टाल संचालक पिता-पुत्र पर हमले के 6 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल न्यूज़ सतना
चित्रकूट थाना अंतर्गत स्फटिकशिला के पास चाय-नाश्ते की दुकान के संचालक, उसके बेटे और कर्मचारी से मारपीट करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिनके कब्जे से फोर व्हीलर, एक पिस्टल, एक कारतूस और 8 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।
क्या था विवाद ---
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 13 सितंबर की शाम को तकरीबन 7 बजे बृजनरेश सिंह परिहार 53 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-11 अपने होटल पर काम कर रहे थे, जबकि उनका बेटा अंकित कुछ दोस्तों के साथ गणेश प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी में जुटा था, तभी गुड्डू यादव और शिवम पाल समेत डेढ़ दर्जन लोग दो फोर व्हीलर से आ धमके। आरोपियों ने पुराने विवाद के चलते अंकित और उसके दोस्त मनीष के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। यह देखकर बृजनरेश और दयाराम सेन बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। यह उत्पात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरें में भी कैद हो गया। आसपास के लोगों के जुटने पर हमलावर गाड़ी में बैठकर फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
बगदरा घाटी के जंगल से पकड़े गए हमलावर ---
खोजबीन के बीच मुखबिर से मिली सूचना पर बगदरा घाटी के जंगल में दबिश देते हुए आरोपी वरुण सेन पुत्र मधुसूदन तिवारी 31 वर्ष, निवासी कैलहा, थाना बहिलपुरवा, हाल सती अनुसुइया, सुमित उर्फ मथुरिया पांडेय पुत्र राजा पांडेय 18 वर्ष, निवासी लालापुर, हाल गुप्त गोदावरी, योगेन्द्र पुत्र इंद्रजीत पाठक 23 वर्ष, निवासी सिरसावन, देवांश उर्फ लल्ला पुत्र मुकेश पांडेय 25 वर्ष, निवासी गुप्त गोदावरी, कार्तिक यादव पुत्र सुरेश प्रसाद 21 वर्ष, निवासी नादी, थाना पहाड़ी और शिवम पुत्र शिव मोहन पाल 19 वर्ष, निवासी कर्वी, जिला चित्रकूट-यूपी, को पकड़ लिया गया।
4 की पीआर, 2 गए जेल ---
आरोपी वरुण के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल और 6 जिंदा राउंड से लोड मैगजीन, सुमित उर्फ मथुरिया के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए, तो अन्य के कब्जे से हॉकी एवं बेसबॉल बैट और एक बोलेरो गाड़ी जब्त की गई। पूछताछ के बाद कार्तिक और शिवम को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया, तो वहीं अन्य चार आरोपियों की रिमांड मंजूर कराई गई है।
Created On :   16 Sept 2026 3:01 PM IST












