Shahdol news: रेत माफिया का दुस्साहस : नायब तहसीलदार की बोलेरो को मारी ठोकर

डिजिटल न्यूज़ शहडोल
शहडोल जिले के ब्योहारी में रेत माफिया का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया। शनिवार सुबह 8 बजे स्वामित्व योजना के काम से बुड़वा पहुंची नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय की बोलेरो को ट्रैक्टर की ट्राली से कट मारते हुए जोरदार ठोकर मारी गई। इस हमले में नायब तहसीलदार तो बाल-बाल बच गईं, लेकिन उनकी बोलेरो का बोनट और इंजन डैमेज हो गया। यूरिया और आयल टंकी फटने से गाड़ी आगे ही नहीं बढ़ी। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 8 बजे ग्राम पंयायत दरी नंबर दो से आगे बढ़ते ही एक ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते हुए नजर आया। पीछा करने पर ट्रैक्टर चालक गांव की गलियों से बचकर भागने लगा। 15 मिनट से ज्यादा समय तक पीछा करने के दौरान जैसे ही ट्रैक्टर ग्राम समान पहुंचा तो वहां एक मोड़ में ट्रैक्टर चालक ने ट्राली से बोलेरो पर हमला करते हुए जोरदार कट मारी और भाग गया। इससे बोलेरो डैमेज हो गई और मौका पाते ही ट्रैक्टर चालक ने रास्ते में रेत खाली कर ट्रैक्टर को धान की खेत में घुसेड़ दिया। रेत माफिया की इस करतूत की देवलोंद थाने में थाने में शिकायत दर्ज करवाने के बाद ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर का पता लगाया गया। शनिवार देरशाम 7 बजे तक जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को बाहर निकालकर देवलोंद थाने लेकर गए। देवलोंद थाना प्रभारी जियाउल हक ने बताया कि नायब तहसीलदार की शिकायत पर ट्रैक्टर मालिक कृष्णपाल सिंह बैस व चालक पर शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली का पीछे का डाला गिरने से बोलेरो का बोनट डैमेज हुआ। ब्योहारी में रेत माफिया के हमले से पटवारी और एएसआई की जा चुकी है जान: - 25 नवंबर 2023 को पटवारी प्रसन्न सिंह की मौत सोन नदी के गोपालपुर घाट पर ट्रैक्टर को रोकने के दौरान कुचलने से हो गई। - 4 मई 2024 को एएसआई महेंद्र बागरी की मौत समधिन नदी से रेत लेकर जा रहे ट्रैक्टर को रोकने के दौरान उनके ऊपर चढ़ जाने से हो गई। - 8 जनवरी 2026 में नायब तहसीलदार शनि द्विवेदी की बोलेरो को भी ट्रैक्टर से टक्कर मारी गई जिसमें वे बाल-बाल बच गए। रेत चोरी का संगठित गिरोह: - बतौर नायब तहसीलदार रेत का अवैध परिवहन कर रहे ट्रैक्टर का पीछा करने के दौरान एक दोपहिया चालक भी इस खेल में शामिल हो गया और वह ट्रैक्टर चालक को गाइड कर रहा था, जिससे वह पकड़ में ना आ सके। - बुड़वा के आसपास के गांव में संगठित गिरोह बनाकर रेत चोरी की जा रही है। इस खेल को ऐसे भी समझ सकते हैं कि शनिवार को ट्रैक्टर निकालने के लिए जेसीबी की जरूरत थी तो गांव के किसी भी व्यक्ति ने जेसीबी नहीं दिया फिर दूसरे गांव से जेसीबी बुलवाकर ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। - ट्रैक्टर ट्राली का डाला पीछे से अलग कर दिया गया, जिससे यह बताया जा सके लिए रेत खाली नहीं कराया बल्कि गिर गया। - ब्योहारी के बुड़वा क्षेत्र में सोन व बनास नदी से प्रतिदिन 50 हाईवा से ज्यादा रेत निकालकर सीधी, मैहर, सतना व रीवा के साथ ही उत्तरप्रदेश के प्रयागराज से लेकर वाराणसी तक भेजा जा रहा है।
Created On :  
