Shahdol news: आरती के वक्त बिजली गुल, अंधेरे में दुर्गा पंडाल, गुस्से में ग्रामीण

डिजिटल न्यूज़ शहडोल
नवरात्र में गांव-गांव दुर्गा पंडाल सजे हैं, लेकिन आरती के वक्त बिजली गुल होने से आस्था पर अंधेरा भारी पड़ रहा है। सिंहपुर सब स्टेशन के अंतर्गत करीब तीन दर्जन गांवों सहित लालपुर, नवलपुर, जैतपुर और गोहपारू क्षेत्र के कई गांवों में बिजली कटौती से ग्रामीण हलाकान हैं। ग्राम पंचायत उधिया के दुर्गा पंडाल में भी आरती के समय अंधेरा छाने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। आपात स्थिति के लिए रखा जनरेटर भी ज्यादा देर तक साथ नहीं दे पा रहा। बुधवार रात सिंहपुर सब स्टेशन में बुढ़ार फीडर को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पूजा और आरती के समय बिजली काटे जाने का विरोध किया। त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति बनाए रखने की मांग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों का कहना है कि कटौती जरूरी है तो रात 12 से सुबह 6 बजे के बीच की जाए, लेकिन पूजा-पाठ और आरती के समय बिजली बंद करना बंद किया जाए। ग्रामीणों ने लालपुर सब स्टेशन का काम भी जल्द पूरा कराने की मांग उठाई। इस सबंध में विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री जितेंद्र गुप्ता का कहना है कि बिजली की मांग बढऩे से लोड नियंत्रित करने के लिए कटौती की जा रही है। कहां और किस समय बिजली बंद करनी है, यह उच्च स्तर से तय होता है।
Created On :  
