Shahdol news: 45 लाख की ठगी के मामले में गिरफ्तारी को लेकर पीडि़तों ने स्टेट हाइवे पर किया प्रदर्शन

डिजिटल न्यूज़ शहडोल
आदिवासी महिलाओं को धोखे में रखकर लोन स्वीकृत किए जाने के मामले में पुलिस की धीमी कार्यप्रणाली एवं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीडि़तों ने स्टेट हाइवे पर छतवई में प्रदर्शन किया। शहडोल-रीवा रोड पर छतवई में शनिवार को दोपहर बाद कई लोग आ पहुंचे और रास्ता रोकने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर पहुंची सोहागपुर पुलिस ने समझाइश देकर लोगों को हटाया, लेकिन तब तक कुछ वाहन दोनों ओर खड़े हो चुके थे। पुलिस ने समझाइश दी कि कियोस्क सेंटर चलाने वाले छतवई के ओंकार जायसवाल एवं अवंति माइक्रो फायनेंस के ब्रांच मैनेजर तीन-चार अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हो चुका है। जांच के कुछ समय लगता है, इसके बाद गिरफ्तारी होगी। इसके बाद लोग सडक़ पर से हटने को तैयार हुए। बता दें कि छतवई स्थित यश ऑनलाइन कियोस्क सेंटर की आईडी से 131 आदिवासी महिलाओं को धोखे में रखकर फिनो पेमेंट बैंक खाते खोलकर खाते में 30-30 हजार रूपए का लोन अवंती फाइनेंस से पास हुआ। पूरा घोटाला 45 लाख रूपए से ज्यादा का है। पीडि़त महिला छगन बाई, नोहरी बैगा, सोहतिया बैगा, तेरसी बाई व मुन्नी बाई सहित अन्य पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके थे।
Created On :  
