Shahdol News: परिवहन में मनमानी, पटरा लगाकर रेत की ओवरलोडिंग पर भी कार्रवाई नहीं

परिवहन में मनमानी, पटरा लगाकर रेत की ओवरलोडिंग पर भी कार्रवाई नहीं
परिवहन विभाग द्वारा ऐसे मामलों में अब तक कार्रवाई नहीं की गई थी।

डिजिटल डेस्क,शहडोल। रेत परिवहन में पटरा लगाकर ओवरलोडिंग में मनमानी की कहानी तस्वीरें बयां कर रही है। रेत लोड हाईवा पूरे जिले में इसी प्रकार से सरकारी नियमों को रौंद रहे हैं फिर भी आरटीओ, पुलिस व खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं की जा रही है।

हाईवा में रेत तस्करी : इधर, ट्रैक्टर पकड़कर की कार्रवाई की खानापूर्ति

जिलेभर में रेत माफिया हाईवा में रेत की तस्करी कर रहा है और पुलिस व खनिज विभाग के जिम्मेदार ट्रैक्टर पकडक़र कार्रवाई की खानापूर्ति कर रहे हैं। ब्योहारी पुलिस ने झापर और समधिन नदी रेत का अवैध खनन कर बिक्री के लिए ले जाने के दौरान ट्रेक्टर पावर ट्रेक 439 प्लस मय ट्राली पीले रंग बिना नंबर और बिना नंबर का दूसरा नीला स्वराज ट्रैक्टर पकड़ा।

दोनों ही मामलों में क्रमश: ट्रैक्टर मालिक आशीष तिवारी और शंकर दयाल नापित के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने विज्ञप्ति में यह भी बताया कि इस कार्रवाई में सराहनीय भूमिका उपनिरीक्षक सुरेश रैदास, गया प्रसाद कन्नौजिया, विवेक सूर्या, गंगा सागर गुप्ता और आरएम गौतम की रही।

दूसरी ओर खनिज विभाग ने मिट्टी व मुरूम के अवैध परिवहन पर ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की। वाहन चालक राजभान सिंह, दिप्पू कोल और धर्मेंद्र कोल तथा वाहन मालिक बीरेंद्र वर्मा, विजय शंकर चतुर्वेदी और सत्यम चतुर्वेदी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।

अब करेंगे कार्रवाई

परिवहन नियमों के अनुसार वाहन में अलग से पटरा लगाकर ज्यादा मात्रा में खनिज परिवहन अवैध परिवहन की श्रेणी में आता है। ओवरलोडिंग के कारण हादसे की भी आशंका बढ़ जाती है। परिवहन विभाग द्वारा ऐसे मामलों में अब तक कार्रवाई नहीं की गई थी। आगे ऐसे वाहनों पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

अनपा खान, आरटीओ शहडोल

Created On :   25 March 2026 3:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story