- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- शहडोल जिले में जीवनदायिनी नदियों का...
Shahdol news: शहडोल जिले में जीवनदायिनी नदियों का सीना हो रहा छलनी

डिजिटल न्यूज़ शहडोल
बारिश का क्रम समाप्त होते ही शहडोल जिले में जीवनदायिनी नदियों को छलनी करने का सिलसिला प्रारंभ हो गया। ब्योहारी में सोन नदी के कुदरी घाट और बनास नदी पर जनकपुर रोड स्थित घाट से लेकर बुढ़ार में सोन नदी पर बटली घाट और जैतपुर में कुनूक नदी तक रेत की उपलब्धता वाले ऐसे एक भी घाट नहीं हैं, जहां रेत माफिया नदियों से खुलेआम रेत का अवैध खनन नहीं कर रहे हों। बारिश में नदियों के इकोसिस्टम से छेड़छाड़ का आदेश समाप्त अक्टूबर माह में समाप्त होने के साथ ही बेतहासा रेत खनन पर सवाल उठ रहा है कि आखिर रेत माफिया को किसका संरक्षण है, और अगर संरक्षण नहीं है तो ठोस कार्रवाई में प्रशासन और पुलिस के कदम पीछे क्यों हट जा रहे हैं। छिटपुट कार्रवाई कोरम पूर्ति तक क्यों सीमित होकर रह गया है।
इन मामलों से समझिए रेत का अवैध खनन और परिवहन : - बुढ़ार थाना अंतर्गत सोन नदी के बटली घाट पर बुधवार सुबह 5 बजे खनिज अमले ने दबिश दी तो यहां डग्गी लगाकर रेत चोरी की जा रही थी। खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले ने वाहन क्रमांक एमपी 18 जेडडी 7026, एमपी 18 जीए 4878, एमपी 18 जेडएच 4734 के वाहन मालिक क्रमश: पवन साहू, प्रकाश साहू एवं सागर कुशवाहा सभी निवासी जरवाही के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वाहनों को बुढ़ार थाने की अभिरक्षा में खड़े करवाया। - जैतपुर थानाक्षेत्र के ग्राम कमता एवं लुकामपुर में मंगलवार को कार्रवाई करते हुए ग्राम कमता में 150 घन मीटर तथा ग्राम लुकामपुर में तीन स्थानों पर 180 घन मीटर कुल 330 घन मीटर खनिज रेत के अवैध भंडारण का जेसीबी के माध्यम से विनिष्टीकरण किया गया। - ब्योहारी में कुछ दिन पहले हाईवा से रेत का अवैध परिवहन कर रहे हाईवा का एसडीएम ने पीछा किया और वाहन से ही उच्चाधिकारियों को सूचना दी। कुछ देर बाद हाईवा और एसडीएम की गाड़ी के बीच एक स्कार्पियो आ गई और गति धीमी कर हाईवा को तेज भागने का मौका दिया। थोड़ी देर बाद हाईवा नजरों से ओझल हो गई। यह उदाहरण रेत माफिया की मनमानी बयां कर रही है कि कैसे अधिकारियों का भी डर समाप्त हो रहा है।
Created On :   14 Oct 2026 3:33 PM IST












