- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- 131 आदिवासी महिलाओं के नाम पर 45...
Shahdol news: 131 आदिवासी महिलाओं के नाम पर 45 लाख का घोटाला

डिजिटल न्यूज़ शहडोल
छतवई स्थित यश ऑनलाइन कियोस्क सेंटर की आईडी से 131 आदिवासी महिलाओं को धोखे में रखकर फिनो पेमेंट बैंक खाते खोले गए। प्रत्येक खाते में 30 हजार रूपए का लोन अवंती फाइनेंस से पास हुआ और लोन की राशि पास होते ही इस खेल में शामिल लोगों ने खाते में दर्ज अपना व करीबियों का मोबाइल नंबर अपडेट कर यूपीआई व अन्य माध्यमों से पैसे का बंदरबाट किया। यह पूरा घोटाला 45 लाख रूपए से ज्यादा का है। बड़ी बात यह है कि इस घोटाले की जानकारी जून माह में अवंती फाइनेंस के एरिया मैनेजर प्रकाश मिश्रा को मिली तो उन्होंने पहले तो अपने स्तर पर जांच करवाई और घोटाले की पुष्टि होने के बाद 19 अगस्त को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाने पहुंचे। वहां तत्कालीन थाना प्रभारी ने कुछ दिन बाद यह कहा कि ज्यादा हितग्राही सोहागपुर थाने के हैं, इसलिए वहीं रिपोर्ट दर्ज होगी। इसके बाद एरिया मैनेजर प्रकाश मिश्रा ने सोहागपुर थाने में 19 सितंबर को लिखित रिपोर्ट दी पर 25 दिन बाद भी सोहागपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। सोहागपुर थाने में बरती जा रही लापरवाही पर एसपी संजय कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को अवंती फाइनेंस के लोगों को कार्यालय बुलाकर मामले में ठोस कार्रवाई की बात कही है। ऐसे हुआ खुलासा- फाइनेंस के बाद किश्त की राशि में दो से तीन माह के पैसे कियोस्क वाले ही जमा करते रहे। बाद में पैसे नहीं आए और ग्राहक के पास पैसे लेने के लिए जाने पर पता चला कि उन्हे ऐसे किसी फाइनेंस की जानकारी ही नहीं है। नियमानुसार लोन लेने वाले के घर पर जाकर प्रक्रिया पूरी करनी होती है। ऐसे में स्पष्ट है कि फील्ड ऑफीसर और शाखा प्रबंधक ने जानबूझकर गड़बड़ी की है। ऐसे हुई राशि की बंदरबाट- अमन शर्मा के मौसी के लडक़े किशन तिवारी के नाम पर 31 अक्टूबर 2025 से 2 फरवरी 2026 तक 17 लाख रूपए ट्रांसफर हुए हैं। यह राशि उन आदिवासी महिलाओं के खाते से ट्रांसफर हुई, जिन्हे अवंती फाइनेंस से लोन पास हुआ था। - अंकित सिंह ने अवंती फाइनेंस कार्यालय में लिखकर दिया है कि लोन की राशि में 12 लाख 50 हजार रूपए उसके पास हैं। - रोहित तिवारी तत्कॉलीन शाखा प्रबंधक शहडोल ब्रांच के खाते में ट्रांसफर हुई 2 लाख 83 हजार रूपए संदिग्ध लेन-देन की श्रेणी में है। (जैसा कि एरिया मैनेजर अवंती फाइनेंस प्रकाश मिश्रा ने दैनिक भास्कर से चर्चा में आरोप लगाया) शिकायत लेकर थाने पहुंची महिलाओं को बैरंग लौटाया स्वयं के नाम फाइनेंस और पैसे नहीं मिलने से हुए धोखे की शिकायत लेकर ग्राम छतवई के कुदरा टोला में रहने वाली महिलाएं गुरूवार को सोहागपुर थाने पहुंचीं तो उन्हे बैरंग ही यह कहकर लौटा दिया गया कि अगस्त माह में मुन्नी बाई द्वारा दर्ज शिकायत पर जांच चल रही है। परेशान महिलाओं ने सवाल किया दो माह में कोई कार्रवाई नहीं हुई, पुलिस की आखिर यह कैसी जांच चल रही है, जिसमें अब तक एक भी आरोपी नहीं पकड़े गए। आदिवासियों महिलाओं को पता नहीं चला और पैसे निकले अवंती फाइनेंस के एरिया मैनेजर ने थाने में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि छतवई स्थित कियोस्क सेंटर जिसमें ओंकार जायसवाल द्वारा फिनो पेमेंट्स बैंक चलाया जा रहा है। वहां आदिवासी महिलाओं व जरूरतमंद लोगों के नाम से बैंक खाता खोला गया तो इसकी जानकारी उन महिलाओं को ही नहीं है। इनके नाम पर राशि ट्रांसफर होने के बाद कियोस्क सेंटर के कर्मचारी कृष सोनी के खाते में कई लाख रूपए भेजे गए। इसके अलावा अवंती फाइनेंस के फील्ड ऑफीसर अमन शर्मा व अंकित सिंह और शाखा प्रबंधक रोहित तिवारी के माध्यम से लाखों रूपए की वित्तीय गड़बड़ी की गई, ये तीनों ही कर्मचारी अब कंपनी से बाहर हैं।
Created On :   14 Oct 2026 3:10 PM IST












