यवतमाल: मामूली विवाद में मजदूर की निर्मम हत्या

मामूली विवाद में मजदूर की निर्मम हत्या
  • मामूली सी बात को लेकर उपजा विवाद
  • मजदूर ने अपने साथी की निर्मम हत्या की

डिजिटल डेस्क, यवतमाल. मोबाइल गुम होने की मामूली सी बात को लेकर उपजे विवाद में मजदूर ने अपने साथी की निर्मम हत्या कर दी। घटना सोमवार की रात को 8.30 बजे के दौरान शहर से सटे नागपुर बायपास मार्ग पर जाजू इंटरनेशनल स्कूल और एक ढाबे के पास हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। न्यायालय ने आरोपी को शुक्रवार 29 दिसंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है। आरोपी का नाम मध्यप्रदेश के ग्राम टीका धवाई निवासी दिनेश यादव (32) बताया गया है। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश राज्य के लमसरी निवासी रामपालसिंह टेकाम (45) के तौर पर हुई है। घटना की शिकायत मृतक के भतीजे लमसरी निवासी घनश्यामसिंह टेकाम (31) ने यवतमाल शहर थाने में दी।

शिकायत के मुताबिक फरियादी और उसके गांव के आसपास के करीब 20 साथियों के साथ यवतमाल में नागपुर बायपास पर चेंबर और कॉर्नर पुलिया के काम के लिए आए हैं। एक माह पूर्व उसके चाचा रामपालसिंह भी काम के लिए यवतमाल आया था। सोमवार 25 दिसंबर की शाम को आरोपी दिनेश यादव का मोबाइल गुम होने से वह सभी मजदूरों को गाली दे रहा था। इसी बात को लेकर रामपालसिंह और दिनेश के बीच विवाद हो गया। लेकिन उस वक्त फरियादी और अन्य साथियों ने विवाद छुड़ा लिया। इसके बाद दिनेश और रामपालसिंह किराना लेने ग्राम डोर्ली चले गए। वहां से दिनेश अकेला लौटा। तब फरियादी ने आरोपी दिनेश को चाचा रामपालसिंह के बारे में पूछा तो उसने बताया कि, वो मेरे साथ नहीं आए, मुझे उनके बारे में कुछ पता नहीं।

फरियादी ने रामपालसिंह के मोबाइल पर कॉल करने पर मोबाइल बंद था। फरियादी और उसके साथियों ने रामपालसिंह को ढूंढना शुरू किया तो रामपालसिंह करीब रात 8.30 बजे जाजू इंटरनेशनल स्कूल और निवांत ढाबे के बीच सड़क के किनारे झाड़ियों में लहूलुहान स्थिति मृत पाए गए। मृतक के भतीजे की शिकायत पर यवतमाल शहर पुलिस ने आरोपी दिनेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 29 दिसंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है।

Created On :   27 Dec 2023 1:59 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story