CJP Protest: NEET विवाद पर मायावती ने खोला मोर्चा, विपक्ष को दी नसीहत- राजनीति छोड़ समाधान निकालो

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नीट पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन को लेकर बसपा प्रमुख मायावती ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक बहुत गंभीर मामला है और इससे छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है। इस मुद्दे पर कई लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं इसलिए इसका सही समाधान निकलना चाहिए। उन्होंने बिना किसी पार्टी का नाम लिए कहा कि कुछ विपक्षी दल इस मामले पर जरूरत से ज्यादा राजनीति कर रहे हैं। उनका कहना है कि सिर्फ शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करने से समस्या खत्म नहीं होगी। सबसे जरूरी बात यह है कि परीक्षा व्यवस्था मजबूत बने और आगे पेपर लीक जैसी घटनाएं दोबारा न हों।
यह भी पढ़े -बीजेपी को हराने के लिए प्रशांत किशोर के साथ आए लालू प्रसाद के बेटे, कहा- जनता बदलाव चाहती है
राजनीति से असली मुद्दा दब रहा है
मायावती ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को लोगों का समर्थन मिल रहा है। लेकिन अब पूरा ध्यान केवल शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर चला गया है। इससे परीक्षा व्यवस्था में सुधार की असली बात पीछे छूटती दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि सभी को मिलकर स्थायी समाधान पर काम करना चाहिए।
आंदोलन और संसद पर भी बोलीं
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच लगातार टकराव बढ़ रहा है। इसका असर संसद के मानसून सत्र पर भी पड़ा है और काम ठीक से नहीं चल पाया। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई के बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया है।
पेपर लीक रोकने पर दिया जोर
मायावती ने कहा कि सरकार घटना के बाद कार्रवाई तो करती है लेकिन पहले से ऐसी व्यवस्था बननी चाहिए जिससे पेपर लीक ही न हो। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से शांत रहने और अपने मिशन पर ध्यान देने की अपील भी की।
Created On :   25 July 2026 2:30 PM IST













