Bankipur By-election 2026: बीजेपी को हराने के लिए प्रशांत किशोर के साथ आए लालू प्रसाद के बेटे, कहा- जनता बदलाव चाहती है

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होना है। सत्ताधारी बीजेपी और जेडीयू से लेकर विपक्ष के दल इस सियासी रण को जीतने के लिए अपना जोर लगा रहे हैं। इस बीच जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने प्रशांत किशोर को समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हमारीपार्टी ने यह तय किया है हम प्रशांत किशोर को सपोर्ट करेंगे।
शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए तेजप्रताप ने कहा, "प्रशांत किशोर जी से सुबह मेरी बात हुई। उन्होंने मुझे फोन किया और कहा कि भाजपा वहां से किसी भी कीमत पर नहीं जीतनी चाहिए, क्योंकि पूरे देश की यही मांग है। जिस तरीके से हमारे नौजवान, छात्र-छात्राएं देशभर में आंदोलन छेड़े हुए हैं, मैं उसका समर्थन भी करता हूं।"
शिक्षा समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा
तेज प्रताप ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "जिस तरीके से पढ़ने-लिखने वाले लोग, नौजवान, महिला, पुरुष, सभी लोग घर छोड़कर जंतर-मंतर पर धरना दिए हुए हैं, वह किसके लिए दिए हुए हैं? उस धरने का क्या प्रयोजन है? उनकी जो मांग है, जैसे नीट में पेपर लीक हो गया। शुरू से बिहार में भी एग्जाम होता है तो पेपर लीक होता है, लेकिन सरकार इस पर कार्रवाई नहीं करती है। शिक्षा व्यवस्था पूरी तरीके से खराब है। स्वास्थ्य व्यवस्था भी भगवान भरोसे चल रही है। उसको लेकर लोगों ने मार्च निकाला है।"
यह भी पढ़े -बांकीपुर उपचुनाव जन सुराज ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत, प्रशासन पर आचार संहिता उल्लंघन का लगाया आरोप
बीजेपी चुनाव नहीं जीतेगी
तेज प्रताप यादव ने कहा कि वो बचपन से देख रहा हूं कि बांकीपुर बीजेपी का गढ़ बनी हुई है। अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि जनता बदलाव चाहती है। हमारी पार्टी से वीणा मानवी हैं जो क्षेत्र में 15 साल से घूम रही हैं। इनका महिला वोट बैंक है। हम लोगों ने निर्णय ले लिया है कि प्रशांत किशोर को समर्थन देंगे।
Created On :   24 July 2026 7:44 PM IST












