Yuvraj Singh: इंग्लैंड से सीरीज हारने की चर्चाओं के बीच युवराज सिंह ने कह दी बड़ी बात, रोहित-विराट नहीं मुझे इस खिलाड़ी की चिंता

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड से वनडे सीरीज हारने की चर्चाओं के बीच भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह ने टीम मैनेजमेंट से एक मांग की है। उन्होंने कहा कि वनडे विश्व कप 2027 से पहले यशस्वी जायसवाल को मौका दीजिए। जिससे टीम को जब भी जरूरत पड़े वह शानदार प्रदर्शन कर सके। अगर आप अचानक से बिना मैच प्रैक्टिस के टीम में बुलाया जाता है तो वह दबाव में आकर टीम के लिए वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे जैसा उनको करना चाहिए।
युवराज ने कहा, 'एक खिलाड़ी के नजरिए से देखें तो जब आप टीम में नहीं होते तो बुरा लगता है। दूसरे तरीके से देखें तो आप समझ सकते हैं कि शायद वे युवा खिलाड़ियों को चाहते थे। उस समय, वर्ल्ड कप से पहले मैं और धोनी दोनों 36 या 37 साल के थे, और टीम मैनेजमेंट को फैसला लेना पड़ा था।' आगामी वनडे विश्व कप के लिए भारत की प्लानिंग में रिजर्व खिलाड़ियों की अच्छी तैयारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, 'विराट और रोहित से ज्यादा मेरी चिंता यशस्वी जायसवाल को लेकर है जिन्होंने पिछले चार मैचों में दो शतक लगाए हैं लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिल रहा है। अगर वर्ल्ड कप आता है और उन्हें खेलने के पर्याप्त मौके नहीं मिलते हैं, तो अचानक उन पर दबाव आ जाएगा। अगर वह योजनाओं का हिस्सा हैं तो विश्व कप से पहले उन्हें और अधिक मैच खेलने की जरूरत है।'
पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह ने कहा, 'अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाता है तो आप क्या करेंगे? हमने ऐसा पहले भी होते देखा है। 2019 वर्ल्ड कप में, चोट के कारण दो युवा खिलाड़ियों को बिना पर्याप्त अनुभव के टीम में आना पड़ा था। आप अतीत की गलतियों को दोहराना नहीं चाहेंगे।'
Created On :   20 July 2026 8:04 PM IST












