Raipur ODI: भारत ने साउथ अफ्रीका को दिया 359 रन का लक्ष्य, विराट और गायकवाड़ ने लगाए शतक, केएल राहुल ने फिर खेली कप्तानी पारी

भारत ने साउथ अफ्रीका को दिया 359 रन का लक्ष्य, विराट और गायकवाड़ ने लगाए शतक, केएल राहुल ने फिर खेली कप्तानी पारी
साउथ अफ्रीका और भारत के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर में खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 358 रन बनाए। मेहमान टीम को यह मुकाबला जीतने के लिए अब 50 ओवर में 359 रन बनाने हैं।

डिजिटल डेस्क, रायपुर। साउथ अफ्रीका और भारत के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर में खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 358 रन बनाए। मेहमान टीम को यह मुकाबला जीतने के लिए अब 50 ओवर में 359 रन बनाने हैं। रांची वनडे जीतकर भारत सीरीज में 1-0 से आगे है।

कोहली का लगातार दूसरा शतक

पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके दोनों सलामी बल्लेबाजी जल्द ही पवेलियन लौट गए। 62 रन पर दो विकेट गंवाकर टीम संकट में फंसी नजर आ रही थी। इसके बाद विराट कोहली ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर 195 रन की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने शतक जमाया। गायकवाड़ का यह वनडे क्रिकेट में पहला शतक है। उन्होंने 83 गेंदों पर 12 चौके और 2 छक्के की मदद से 105 रन की पारी खेली।

वहीं बात करें रन मशीन विराट कोहली की तो उन्होंने रांची के बाद रायपुर में भी एक यादगार शतक लगाया। यह उनके वनडे करियर का 53वां शतक और इंटरनेशनल क्रिकेट का 84वां शतक है। कोहली 93 गेंद पर 7 चौके और 2 छक्के की सहायता से 102 रन की पारी खेली।

केएल राहुल ने फिर खेली कप्तानी पारी

कोहली और गायकवाड़ के आउट होने के बाद आखिरी ओवर में कप्तान केएल राहुल ने टीम इंडिया को संभाला। उन्होंने 43 गेदों पर 66 रनों की तेज पारी खेली जिसकी बदौलत टीम इंडिया 350 के आंकड़े को पार कर सकी। राहुल रवींद्र जडेजा (24) के साथ नाबाद लौटे।

साउथ अफ्रीका की तरफ से मार्को येन्सन ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। नंद्रे बर्गर और लुंगी एनगिडी को 1-1 सफलता मिली। वॉशिंगटन सुंदर रन आउट हुए।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत - केएल राहुल (कप्तान, विकेटकीपर), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।

साउथ अफ्रीका - टेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, ऐडन मार्करम , मैथ्यू ब्रीट्जकी, टोनी डी जॉर्जी, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, नांद्रे बर्गर और लुंगी एनगिडी।

Created On :   3 Dec 2025 5:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story