IPL News: पंजाब की हार के बाद कप्तान की आई प्रतिक्रिया, 163 रन को बताया सम्मान जनक स्कोर, खराब शुरुआत पर क्या कहा?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। IPL 2026 46वां मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) ने 4 विकेट ले जीत लिया। हार मिलने के बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा खराब शुरुआत मिलने के बाद भी बल्लेबाजों ने अच्छा स्कोर किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में GT के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पंजाब किंग्स (PBKS) को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में गुजरात ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 167 रन बना कर टारगेट को हासिल कर लिया।
श्रेयस अय्यर ने बताया अच्छा स्कोर
साई सुदर्शन (57) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 40) ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। पंजाब की इस सीजन की लगातार दूसरी हार है। अय्यर ने प्रसारकों से बातचीत में टीम के प्रदर्शन पर संतुलित जवाब देते हुए कहा कि परिस्थितियों को देखते हुए स्कोर संतोषजनक था, लेकिन गेंदबाजी में चूक भारी पड़ गई। उन्होंने कहा, 'मुझे व्यक्तिगत तौर पर लगा कि यह अच्छा स्कोर था। नई गेंद से शुरुआत में मदद मिल रही थी। उनके गेंदबाजों ने पिच का बेहतरीन इस्तेमाल किया और सही लेंथ पर गेंदबाजी की।’
47 रन पर गंवा दिए थे 5 विकेट
पहले बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी पंजाब किंग्स की शुरआत ठीक नही थी। टीम 50 का स्कोर भी नहीं कर पाई थी कि 5 विकेट गवां दिए थे। शेडगे ने इसके बाद मार्कस स्टोइनिस (40) के साथ छठे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। अय्यर ने शुरुआती झटकों का जिक्र करते हुए कहा, 'हमने पावरप्ले में चार विकेट गंवा दिए थे, ऐसे में वहां से 160 तक पहुंचना शानदार प्रयास था।'
उन्होंने कहा, 'नई गेंद से हमें लगा था कि हम सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी कर विकेट निकाल पाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।' उन्होंने तकनीकी खामियों की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘हम बल्लेबाजी के लिए मुश्किल लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करने से चूक गए। इस विकेट पर मिडविकेट के ऊपर खेलना आसान नहीं था, क्योंकि पिच से असमान उछाल मिल रही थी। हम इस मामले में चूक गए।'
Created On :   4 May 2026 1:25 AM IST











