T20 World Cup 2026: 'जीतते तो चीजें आसान होतीं, लेकिन...', इंग्लैंड से मिली हार के बाद छलका न्यूजीलैंड कप्तान का दर्द

जीतते तो चीजें आसान होतीं, लेकिन..., इंग्लैंड से मिली हार के बाद छलका न्यूजीलैंड कप्तान का दर्द
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड से मिले 160 रनों के लक्ष्य को इंग्लिश टीम ने 6 विकेट खोकर 19.3 ओवर में चेज कर लिया।

मैच में एक समय न्यूजीलैंड की टीम काफी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी। ऐसा लग रहा था कि वो आसानी से मैच जीत जाएगी। लेकिन, पारी के 18वें ओवर में विल जैक्स ने ग्लेन फिलिप्स के ओवर में 22 रन बनाते हुए बाजी को पूरी तरह से पलट दिया।

जीतते तो सेमीफाइनल में एंट्री मिल जाती

हार के बाद मैच प्रेजेंटेशन के दौरान न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, "यह एक अच्छा और कड़ा मुकाबला था। हां, मुझे लगता है कि जिस तरह से इंग्लैंड ने रनों का पीछा किया और अंत में विल जैक्स और रेहान अहमद ने बल्लेबाजी की, वो शानदार था।" अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को इस मुकाबले में हराने में सफल रहती, तो टीम को सीधा सेमीफाइनल का टिकट मिल जाता। कप्तान सैंटनर ने भी माना कि इस मैच को जीतने के बाद न्यूजीलैंड के लिए चीजें आसान हो जातीं। सैंटनर ने कहा कि इंग्लैंड ने जिस तरह का खेल दिखाया, उसके लिए उन्हें जीत का क्रेडिट मिलना चाहिए।

बताई हार की बड़ी वजह

सैंटनर ने कहा कि अंतिम ओवरों में टीम के बल्लेबाज रन बटोरने में नाकाम रहे, जिसके खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। न्यूजीलैंड के कप्तान ने माना कि 170 से 175 रनों का लक्ष्य अच्छा हो सकता था। उन्होंने रेहान अहमद की शानदार बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। सैंटनर ने कहा कि रेहान स्पिन के अच्छे बल्लेबाज हैं और इसी कारण उन्हें इस विकेट पर ज्यादा परेशानी नहीं हुई। इंग्लैंड ने एक समय पर अपने छह विकेट 117 रनों के स्कोर पर गंवा दिए थे और न्यूजीलैंड की टीम मैच में पूरी तरह से हावी नजर आ रही थी। हालांकि, विल जैक्स और रेहान अहमद ने महज 16 गेंदों में 44 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए मैच को पूरी तरह से पलट दिया।

Created On :   28 Feb 2026 12:35 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story