Rinku Singh vs West Indies: वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से पहले रिंकू सिंह टीम इंडिया से जुड़ेंगे या नहीं? बीसीसीआई सेक्रेट्री देवजीत सैकिया ने दिया अपडेट

वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से पहले रिंकू सिंह टीम इंडिया से जुड़ेंगे या नहीं? बीसीसीआई सेक्रेट्री देवजीत सैकिया ने दिया अपडेट
फैंस के मन में सवाल है कि क्या रिंकू इस स्थिति में अपने घर ही रहेंगे या फिर दोबारा टीम इंडिया को ज्वाइन करेंगे?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का 27 फरवरी को निधन हो गया। रिंकू चेन्नई से सीधे अलीगढ़ पहुंचे और पिता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने पिता की अर्थी को कांधा दिया और उन्हें आखिरी नमन किया। अब फैंस के मन में सवाल है कि क्या रिंकू इस स्थिति में अपने घर ही रहेंगे या फिर दोबारा टीम इंडिया को ज्वाइन करेंगे? बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने इसे लेकर जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह शनिवार यानि 28 फरवरी को टीम इंडिया से जुड़ेंगे। बता दें कि टीम इंडिया को 1 मार्च को वेस्टइंडीज से मैच खेलना है।

वहीं इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक रिंकू के भाई ने बताया कि वह भारतीय टीम से जुड़ने के लिए कोलकाता निकल चुके हैं। बता दें कि रिंकू के पिता की हालत काफी बिगड़ने के बाद उन्हें 21 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार तड़के निधन होने से पहले उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। पिता के अंतिम संस्कार के लिए रिंकू चेन्नई से सुबह 5 बजे रवाना हुए थे।

वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो का मैच

भारतीय टीम को रविवार को 'करो या मरो' मुकाबले में वेस्टइंडीज से भिड़ना है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को हर हाल में कैरेबियाई टीम के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। सुपर-8 राउंड के पहले मैच में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 रन से जीत दर्ज की।

Created On :   27 Feb 2026 11:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story