IND vs ZIM: चेन्नई में आया टीम इंडिया के बल्लेबाजों का तूफान, सबसे बड़े टोटल से लेकर..सबसे ज्यादा छक्के तक, बने कई कीर्तिमान

डिजिटल डेस्क, भोपाल। टी20 वर्ल्डकप में सुपर-8 के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने कीर्तमान रच दिया। यह टी20 वर्ल्डकप के इतिहास में किसी भी टीम की ओर से बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा टोटल है। टॉस हारकर पहले बैटिंग कर रही टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। जो बल्लेबाज क्रीज पर उतरा, उसने धुआंधार बैटिंग की।
अभिषेक शर्मा जो कि लंबे समय से खराब फॉर्म में चल रहे थे, वह इस मैच के जरिए अपने पुराने रंग में लौटे। उन्होंने तूफानी अर्धशतक लगाया। उनके बाद आखिरी के ओवरों में हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और मैदान के चारों तरफ चौकों-छक्कों की बारिश की।
यह भी पढ़े -टी20 वर्ल्ड कप अभिषेक के बाद पंड्या की तूफानी फिफ्टी, जिम्बाब्वे को जीत के लिए 257 रन का टारगेट
वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से चूकी टीम इंडिया
मौजूदा वर्ल्डकप का सबसे बड़ा स्कोर इससे पहले 254 था जो कि वेस्टइंडीज ने सुपर-8 के अपने पहले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया था। भारतीय टीम ने 256 रन बनाकर कैरेबियन टीम को पछाड़ दिया। हालांकि टीम श्रीलंका का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी।
टी20 वर्ल्डकप के इतिहास में सबसे बड़े टोटल का रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम है। उसने 2007 के वर्ल्डकप में केन्या के खिलाफ 260 रन का टोटल खड़ा किया था। टीम इंडिया आज 4 रन से कीर्तिमान रचने से चूक गई।
यह भी पढ़े -टी20 वर्ल्ड कप कप्तान मार्करम ने गेंदबाजों को दिया जीत का श्रेय, क्विंटन डी कॉक की पारी को सराहा
वर्ल्डकप का अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया
भारत टीम ने टी-20 वर्ल्डकप के इतिहास में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया। पिछला हाईएस्ट टोटल 218 रन था, जो कि 2007 के वर्ल्डकप में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। इसी मैच में युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में 6 छक्के लगाए थे। इसके अलावा भारतीय टीम की तरफ से मैच में कुल 17 छक्के लगे। यह अब टी20 वर्ल्डकप के किसी भी मैच में भारतीय टीम की तरफ से लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इससे पहले यह आंकड़ा 15 छक्कों का था।
Created On :   26 Feb 2026 9:21 PM IST












