Pakistan Semi Final Equation: न्यूजीलैंड की हार के बाद बदले समीकरण, सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका के खिलाफ इतने ओवर में दर्ज करनी होगी जीत

न्यूजीलैंड की हार के बाद बदले समीकरण, सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका के खिलाफ इतने ओवर में दर्ज करनी होगी जीत
इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड को मिली हार के बाद पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कायम है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। टी20 वर्ल्डकप में शुक्रवार को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 राउंड का मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से मात दी। इस मैच के बाद पाकिस्तान ने राहत की सांस ली है। वो अभी भी सेमीफाइनल में पहुंचने की रेस में बना हुआ है। अगर न्यूजीलैंड इस मैच को जीत जाती तो वो सेमीफाइनल में पहुंच जाती, लेकिन उसकी हार से पाकिस्तान को अंतिम चार में पहुंचने का एक मौका मिल गया है। आइए जानते हैं पाकिस्तान के सेमीफाइनल में जाने का क्या समीकरण है...

सुपर-8 राउंड के ग्रुप-बी में से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम कौन सी होगी, इसका फैसला आज पाकिस्तान और श्रीलंका के मैच से होगा। फिलहाल प्वाइंट्स टेबल पर नजर डालें तो इंग्लैंड सेमीफाइनल में जा चुका है जबकि दो मैच हारकर श्रीलंका बाहर हो चुका है। न्यूजीलैंड के 3 अंक हैं और उसका नेट रन-रेट +1.791 का है। वहीं पाकिस्तान का 1 अंक है और उसका नेट रन-रेट -0.100 है।

इस तरह सेमीफाइनल में पहुंचेगा पाकिस्तान

रनरेट पर नजर डालें तो न्यूजीलैंड रन रेट के मामले में पाकिस्तान से काफी आगे है। इस वजह से सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को श्रीलंका पर बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। अगर वह पहले बैटिंग करता है तो उसे श्रीलंका को कम से कम 64 रन से हराना होगा। वहीं अगर वह टारगेट चेज करता है तो उसे 13.3 ओवर में करना होगा।

यदि पाकिस्तान ऐसा नहीं कर पाया तो वह सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाएगा और न्यूजीलैंड ग्रुप-बी की इंग्लैंड के बाद दूसरी सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम बन जाएगी। बता दें कि पाकिस्तान-श्रीलंका का मैच शनिवार (28 फरवरी) को कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

Created On :   28 Feb 2026 12:19 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story