Rashid Khan-Ryan Burl Fight: जिम्बाब्वे-अफगानिस्तान मैच में मचा बवाल, रयान बर्ल से भिड़े राशिद खान, देखें वीडियो

जिम्बाब्वे-अफगानिस्तान मैच में मचा बवाल, रयान बर्ल से भिड़े राशिद खान, देखें वीडियो
अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले के दौरान अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान और जिम्बाब्वे के बैटर रयान बर्ल के बीच जमकर तकरार देखने को मिली। दोनों के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई, जिसके बाद अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला 1 नवंबर (रविवार) को खेला गया। इस मैच में अफगानिस्तान ने 7 विकेट से जीतकर सीरीज 3-0 से अपने नाम की।

मैच के दौरान अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान और जिम्बाब्वे के बैटर रयान बर्ल के बीच जमकर तकरार देखने को मिली। दोनों के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई, जिसके बाद अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?

मामला जिम्बाब्वे की पारी के 9 ओवर का है, जो कि राशिद खान फेंक रहे थे। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर बर्ल के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की, जिसे अंपायर ने नकार दिया। इस सीरीज में डीआरएस का नियम नहीं है। अंपायर के फैसले से राशिद नाराज दिखाई दिए। इसके बाद ओवर की पांचवी गेंद पर दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हो गई।

मामले को गरमाता देख अंपायर अहमद शाह पकतीन बीच में आए और दोनों को अलग किया। हालांकि तनाव इसके बाद भी बना रहा, जिसके बाद लेग अंपायर फारूक खान को हस्तक्षेप करना पड़ा।

इस पूरे मामले की खास बात यह रही कि इसका खात्मा अच्छे और खास अंदाज में हुआ। कुछ समय बाद जब रयान बर्ल आउट होकर डगआउट में बैठे नजर आए तो राशिद खान ने उन्हें फ्लाइंग किस किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। देखें वीडियो...

बात करें मुकाबले की तो पहले बैटिंग करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 14.3 ओवर में 79 रन पर सिमट गई। रयान बर्ल ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। वहीं अफगानिस्तान के लिए नूर अहमद ने 5 विकेट झटके।

80 रन के टारगेट को अफगानिस्तान ने केवल 8.1 ओवर में हासिल कर लिया। इसी के साथ टीम ने तीन मैचों की सीरीज में जिम्बाब्वे का क्लीन स्वीप कर दिया।

Created On :  

Tags

Next Story