Rinku Singh: 'रिंकू नाम ही काफी', LSG के खिलाफ KKR की जीत के हीरो रिंकू सिंह का बड़ा बयान

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आईपीएल 2026 का 38वां मैच यादगार बन गया। लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुए इस मैच में सीजन का पहला सुपर ओवर खेला गया। कोलकाता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इसे अपने नाम कर लिया। टीम की जीत के हीरो उपकप्तान रिंकू सिंह रहे, जिन्होंने पहले बैटिंग में नाबाद 83 रन की पारी खेली फिर शानदार फील्डिंग करते हुए 5 कैच पकड़े। रिंकू को उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद प्रेजेंटेशन में उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस और टीम के प्रदर्शन पर बात की।
'रिंकू नाम ही ठीक'
जब रिंकू से पूछा गया कि क्या अब उनका बदलकर 'रिंकू संकटमोचक' रख देना चाहिए? इसके जवाब में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा, 'नहीं, रिंकू नाम ही ठीक है। उन्होंने बताया कि जिस समय वह बल्लेबाजी करने आए थे, टीम के चार विकेट गिर चुके थे और टीम की कंडीशन बेहद क्रिटिकल थी। उनके दिमाग में केवल एक ही बात चल रही थी कि कैसे खेल को आखिर तक ले जाया जाए। अपनी रणनीति साझा करते हुए उन्होंने कहा कि विकेट गिरने के बाद उनका ध्यान स्कोरबोर्ड को चलाने और खराब गेंदों को बाउंड्री के बाहर भेजने पर था।
वहीं अपनी शानदार फील्डिंग पर रिंकू ने कहा, 'मुझे बचपन से ही फील्डिंग करना बहुत पसंद है। मैं फिट हूं और मैदान पर फील्डिंग का पूरा आनंद लेता हूं।'
सुपर ओवर के करिश्माई कैच पर कही ये बात
सुपर ओवर में रोवमेन पॉवेल की ओर से उनकी तरफ उछाले गए कैच के बारे में रिंकू ने एक दिलचस्प बात बताई। उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो मैं उस कैच के लिए तैयार नहीं था। मुझे लगा था कि पॉवेल खुद ही कैच पूरा कर लेंगे, लेकिन जब उन्होंने बाउंड्री के पास से गेंद को मेरी तरफ जोर से फेंका, तब मैंने खुद को संभाला और उसे लपकने में कामयाब रहा।' बता दें कि रिंकू के इसी कैच ने मैच को कोलकाता के पक्ष में कर दिया था।
Created On :   27 April 2026 1:54 AM IST











