LSG Vs KKR: कोलकाता ने लखनऊ को दी मात, सीजन के पहले सुपरओवर में दर्ज की जीत, रिंकू सिंह चमके

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आईपीएल 2026 का पहला सुपर ओवर लखनऊ सुपरजायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया, जिसमें कोलकाता ने जीत हासिल कर ली। लखनऊ के होम ग्राउंड इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कोलकाता ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए थे। जवाब में लखनऊ की टीम भी 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया। आखिरी गेंद पर मोहम्मद शमी ने छक्का जड़कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
सुपर ओवर से हुआ फैसला
इसके बाद सुपर ओवर हुआ। लखनऊ के बैटर निकोलस पूरन और एडन मार्करम बैटिंग करने उतरे। कोलकाता की ओर से गेंदबाजी सुनील नरेन ने की। सुपर ओवर की पहली गेंद पर ही नरेन ने पूरन को बोल्ड कर दिया। इसके बाद बैटिंग करने कप्तान ऋषभ पंत आए। उन्होंने एक रन लिया। ओवर की तीसरी गेंद पर मार्करम ने लॉन्ग ऑन पर सिक्स लगाने की कोशिश की, लेकिन रोवमेन पॉवेल ने उनका बेहतरीन कैच पकड़ा। इस तरह सुपर ओवर में लखनऊ केवल 1 रन ही बना सकी।
अब कोलकाता को जीत हासिल करने के लिए एक ओवर में 2 रन बनाने थे। टीम के लिए बैटिंग करने उतरे रिंकू सिंह और रोवमन पॉवेल। रिंकू ने पहली ही गेंद पर चौड़ा जड़कर कोलकाता को जीत दिला दी।
रिंकू सिंह ने खेली शानदार पारी
इससे पहले, केकेआर ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए। टीम की ओर से रिंकू सिंह ने शानदार बैटिंग की। उन्होंने शुरुआत में समझदारी भरी बल्लेबाजी की और आखिरी के ओवरों में अपना गेयर बदला और चौकों-छक्कों की बारिश कर दी। रिंकू ने मैच में 51 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। लखनऊ की तरफ से मोहसिन खान ने 4 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट निकाले। वहीं, जॉर्ज लिंडे के खाते में एक विकेट गया।
पंत ने बनाए 42 रन
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मिचेल मार्श सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए एडेन मार्करम और कप्तान ऋषभ पंत ने 57 रनों की अहम साझेदारी निभाई। मार्करम 31 और पंत 42 रन बनाकर आउट हुए। लखनऊ आखिरी ओवर में जीतने के लिए 17 रन की जरुरत थी और क्रीज पर हिम्मत सिंह और मोहम्मद शमी मौजूद थे। ओवर की पहली गेंद पर शमी ने एक रन लिया। इसके बाद केकेआर के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अगली दो गेंदें नो-बॉल फेंकी, जिस पर हिम्मत 6 रन बटोरने में सफल रहे।
तीसरी गेंद पर कार्तिक ने हिम्मत सिंह को आउट कर दिया। हिम्मत ने 19 रन की पारी खेली। ओवर की चौथी गेंद पर प्रिंस यादव ने एक रन लिया, तो पांचवीं गेंद डॉट रही। ओवर की आखिरी गेंद लखनऊ को मुकाबला टाई करने के लिए 6 रन चाहिए थे। शमी ने इस गेंद पर जोरदार छक्का लगाया और मैच को टाई कराते हुए सुपर ओवर में पहुंचा दिया। शमी 11 रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर की ओर से वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने दो-दो विकेट चटकाए। मैच में 83 रन की पारी खेलने और 5 कैच पकड़ने वाले रिंकू सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Created On :   27 April 2026 12:02 AM IST













