IND A Vs SL A ODI: ट्राई नेशन सीरीज में में भारत-ए की लगातार दूसरी हार, श्रीलंका ने सुपर ओवर में 6 रन से हराया

डिजिटल डेस्क, भोपाल। ट्राई नेशन सीरीज में युवा सितारों से भरी भारत-ए टीम का खराब प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार को दांबुला में खेले गए मैच में मेजबान श्रीलंका-ए ने टीम इंडिया को सुपर ओवर में मात दी। श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत-ए टीम केवल 10 रन ही बना सकी। यह इस सीरीज में भारत की लगातार दूसरी हार है। इससे पहले खेले गए मैच में टीम को अफगानिस्तान-ए के हाथों बड़ी हार का सामना करना पड़ा था।
मैदान पर हुआ जबरदस्त ड्रामा
मैच की बात करें तो इंडिया-ए 49.2 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में श्रीलंका-ए भी 50 ओवर में 265 रन ही बना सकी। मैच के टाई होने के बाद मैच का फैसला कैसे होगा यह स्पष्ट नहीं था। फील्ड अंपायर्स का कहना था कि शाम हो चुकी है, ऐसे में आगे मुकाबला हो, ऐसा संभव नहीं है। इसके बाद टीम इंडिया के कप्तान तिलक वर्मा की अंपायर्स से बहस भी हुई। फिर मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिए कराने का फैसला लिया गया।
सुपर ओवर के दौरान भी विवाद देखने को मिला। दरअसल, श्रीलंका की बैटिंग के दौरान अरशद खान की फुलटॉस गेंद पर श्रीलंकाई बल्लेबाज कैच आउट हो गए। अंपायर ने बल्लेबाज को आउट करार दे दिया और भारतीय फील्डर्स ग्राउंड से बाहर चले गए। लेकिन, रिप्ले देखने के बाद पता चला कि गेंदबल्लेबाज की कमर से ऊपर थी, यानि नो-बॉल थी। इसके बाद भारतीय फील्डर्स को दोबारा मैदान पर बुलाया गया और आखिरी गेंद फिर कराई गई।
ऐसी रही भारतीय पारी
इससे पहले मैच में भारत ने खराब बैटिंग की। उसके स्टार बैटर वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। वह केवल 21 रन ही बना सके। उनके अलावा अनुकूल रॉय 8 रन, निशांत सिंधु 6 रन, आयुष बडोनी 15 रन और प्रभसिमरन सिंह 11 रन बनाकर आउट हुए। पहले ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा ने 52 रन की साझेदारी कर टीम इंडिया को संभाला और फिर आखिरी ओवरों में सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने शतकीय साझेदारी कर टीम इंडिया का स्कोर 250 रन के पार कराया। सूर्यांश ने 72 और विप्रज ने 51 रन की पारी खेलीं। भारत-ए की पूरी टीम 49.2 ओवर में 265 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका की ओर से विजयकांत वियास्कंथ ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
Created On :   15 Jun 2026 7:35 PM IST













