IPL 2025: सूर्यकुमार के नाम एक और महारिकॉर्ड, मास्टर ब्लास्टर को इस मामले में छोड़ा पीछे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई इंडियंस के धमाकेदार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव आईपीएल 2025 में धमाकेदार खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में 17 रन बनाते ही उन्होंने एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित कर दिया। उन्होंने आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज के रूप में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है।
सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने
सूर्यकुमार यादव ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 57 रनों की पारी खेली। इस पारी की बदौलत उन्होंने एक सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए सचिन तेंदुलकर द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 2010 में सचिन तेंदुलकर ने 618 रन बनाए थे। सूर्यकुमार यादव आईपीएल 2025 की 14 पारियों में अब तक 640 रन बना चुके हैं। इसके पहले 2023 में सूर्या ने 605 रन बनाए थे।
इसी के साथ सूर्यकुमार यादव के नाम एक संस्करण में सबसे ज्यादा बार 25 या उससे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। वह आईपीएल 2025 में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और मुंबई इंडियंस के लिए सबसे सफल बल्लेबाज बनकर उभरे हैं। उन्होंने 14 पारियों में पांच अर्धशतक लगाते हुए 71.11 की औसत और 167.97 की स्ट्राइक रेट से 640 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 32 छक्के और 64 चौके निकले हैं। वह पांच बार नाबाद रहे हैं।
ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे नंबर पर
वह साई सुदर्शन और शुभमन गिल के बाद सीजन के तीसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं। इन तीनों बल्लेबाजों के पास ऑरेंज कैप जीतने का मौका है क्योंकि गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस दोनों ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं।
पंजाब किंग्स के खिलाफ 57 रन की पारी खेलने के बाद सूर्या ने कहा, "हार्दिक और नमन ने जिस तरह शुरुआत की थी, हम फिनिश नहीं कर पाए और 10-15 रन पीछे रह गए। हालांकि इस विकेट के लिए हमारे पास अच्छी गेंदबाजी है और विपक्षी टीम के लिए चुनौती होगी।" कमेंटेटर से बातचीत में दाएं हाथ के खब्बू बल्लेबाज ने कहा, "इस सीजन मैंने अच्छी बल्लेबाजी की है, मेरे पसंदीदा शॉट स्वीप और स्क्वायर लेग पर फ्लिक रहे हैं।"
Created On :   27 May 2025 12:33 AM IST













