IPL 2025: पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से रौंदा, टॉप-2 में बनाई जगह, एलिमिनेटर खेलेगी MI

पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से रौंदा, टॉप-2 में बनाई जगह, एलिमिनेटर खेलेगी MI
  • पंजाब और मुंबई के बीच खेला गया आईपीएल का 69वां मुकाबला
  • जीत के साथ टेबल टॉपर बनी पंजाब किंग्स
  • प्रियांश आर्या और जोश इंग्लिश के बीच हुई शतकीय साझेदारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2025 का 69वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में पंजाब ने मुंबई को 7 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ टीम ने मौजूदा सीजन में प्वाइंट्स टेबल में टॉप-2 में जगह पक्की कर ली है। पंजाब की टीम 19 अंक के साथ टेबल के टॉप पर है। पंजाब अब 29 मई को क्वालिफायर-1 खेलेगी। दूसरी तरफ, अब इस हार के बाद मुंबई को 30 मई को एलिमिनेटर खेलना पड़ेगा।

इससे पहले जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में पंजाब ने टॉस जीता और पहले बॉलिंग चुनी। मुंबई ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए। 185 रनों के स्कोर को पंजाब ने 9 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया। टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने छक्का लगाकर जीत दिलाई।

पंजाब की तरफ से जोश इंग्लिस (73 रन) और प्रियांश आर्या (62 रन) ने शानदार अर्धशतक लगाए। दोनों ने शतकीय साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर 16 बॉल पर 26 रन बनाकर नाबाद लौटे। मुंबई की तरफ से स्पिनर मिचेल सैंटनर ने दो जबकि जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट लिया।

मुंबई की तरफ से सूर्यकुमार ने सर्वाधिक 57 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 2 छक्के निकले। उनके अलावा टीम का कोई भी बैटर 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका। पंजाब के अर्शदीप सिंह, मार्को यानसन और विजयकुमार वैशाख को 2-2 विकेट मिले।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

मुंबई इंडियंस - रोहित शर्मा, रियान रिकल्टन, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।

पंजाब किंग्स - जोश इंग्लिश, प्रियांश आर्या, शशांक सिंह, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, काइले जेमिसन, मार्को जानसन, हरप्रीत बरार, वी. कुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह।

Created On :   27 May 2025 12:22 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story