Riyan Parag Vaping Case: वैपिंग मामले में रियान पराग को मिली सख्त सजा, अब RR की भी बढ़ेंगी मुश्किलें, बड़ा एक्शन लेने की तैयारी में BCCI

वैपिंग मामले में रियान पराग को मिली सख्त सजा, अब RR की भी बढ़ेंगी मुश्किलें, बड़ा एक्शन लेने की तैयारी में BCCI
आईपीएल के बीच राजस्थान रॉयल्स टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। रियान पराग वैपिंग मामले में बीसीसीआई टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लेने की तैयारी में है।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। अभी तक अपने 9 मुकाबलों में से टीम को 6 में जीत मिल चुकी है और उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। लेकिन इस बीच राजस्थान के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, टीम के कप्तान रियान पराग पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बीच ड्रेसिंग रूम में वेपिंग (ई-सिगरेट का सेवन) करते दिखाई दिए थे। उनकी यह हरकत लाइव टीवी पर भी दिखी।

इस मामले में बीसीसीआई ने कड़ा एक्शन लिया। उन्हें और टीम के खिलाड़ियों व अधिकारियों को आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। इसके लिए पराग पर उनकी मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया गया है साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।

आईपीएल ने बयान जारी कर कहा, 'रियान को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो ऐसे आचरण से संबंधित है जिससे खेल की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है। यह घटना दूसरी पारी के दौरान हुई, जब रियान को ड्रेसिंग रूम के अंदर वेप का इस्तेमाल करते हुए देखा गया।'

पराग ने स्वीकारी गलती

वहीं, रियान पराग ने अपनी गलती मानते हुए मैच रेफरी की ओर से लगाए फाइन को स्वीकार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल की प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए बीसीसीआई दोषी टीम और उसके अधिकारियों के विरुद्ध कड़ा एक्शन लेने की तैयारी कर रहा है। इस मामले पर बोर्ड के अध्यक्ष देवजीत सैकिया ने कहा, ‘जैसा कि बयान में साफ-साफ लिखा है हम इस बात पर विचार कर रहे हैं कि टीम के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाए। अभी इस पर कोई फैसला नहीं हुआ है।’

बता दें कि ई-सिगरेट का सेवन करने के मामले में राजस्थान रॉयल्स टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, क्योंकि सरकार ने साल 2019 से भारत में इसे बैन कर रखा है। कानून के मुताबिक पहली बार अपराध करने पर दोषी को एक साल का कारावास, साथ ही एक लाख रुपये का जुर्माना लग सकता है।

Created On :   30 April 2026 4:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story