गुरू पूर्णिमा 2023: बन रहा है ये शुभ संयोग, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और इस दिन का महत्व

गुरू पूर्णिमा 2023: बन रहा है ये शुभ संयोग, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और इस दिन का महत्व

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जीवन में गुरू का बड़ा महत्व होता है और इस महत्व को दर्शाती है गुरू पूर्णिमा। इसे हर साल आषाढ़ माह की पूर्णिमा तिथि पर मनाया जाता है। इस वर्ष गुरू पूर्णिमा का पर्व 03 जुलाई 2023, सोमवार को मनाया जा रहा है। इस दिन हिन्दू धर्म को मानने वाले लोगों में गुरू की विधि-विधान से पूजा करने की परंपरा रही है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार, ऐसा करने से भक्तों की कुंडली से गुरू दोष समाप्त हो जाता है। इस दिन वाशी, सुनफा, बुधादित्य और ब्रह्म योग जैसे शुभ योगों संयोग बन रहा है।

पुराणों के अनुसार, इस दिन वेदों के रचयिता वेद व्यास जी का जन्म हुआ था। महर्षि वेद व्यास प्रथम विद्वान थे, जिन्होंने सनातन धर्म (हिन्दू धर्म) के चारों वेदों की व्याख्या की थी। ऐसे में यह पर्व महर्षि वेद व्यास को समर्पित है और इस तिथि को व्यास पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। इस दिन गुरुओं की सेवा, उनकी पूजा कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है।

गुरू पूर्णिमा तिथि पर मुहूर्त

शुभ मुहूर्त: सुबह 10 बजकर 15 मिनट से 11 बजकर 15 मिनट तक

अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 12 बजकर 15 मिनट से 1 बजकर 30 मिनट तक

लाभ-अमृत मुहूर्त: शाम 4 बजे से 6 बजे तक

पूजा विधि

- गुरू पूर्णिमा पर सुबह जल्दी उठकर दैनिक क्रिया से निवृत्त हों और स्नान कर साफ वस्त्र धारण करें।

- घर के पूजा स्थल पर लगी देवी-देवताओं को प्रणाम करते हुए उनकी विधिवत रूप से पूजा-अर्चना करें।

- संभव हो तो पूजा के दौरान सफेद या पीले वस्त्र पहनकर ही गुरू पूर्णिमा की पूजा करें।

- पूजा के दौरान घर की उत्तर दिशा में सफेद वस्त्र पर गुरू का चित्र रखें।

- यदि आपके गुरू आपके पास हैं या आश्रम में हैं तो वहां पर इसका प्रबंध करें।

- इसके बाद आप अपना नाम, अपने गौत्र का उच्चारण करके हाथ में जल लेकर गुरू पूजा का संकल्प लें।

- फिर भगवान का ध्यान करते हुए गुरू के चरण धोएं।

- इसके बाद गुरू को फूलों की माला अर्पित करें।

- आखिर में गुरू के चित्र या साक्षात् गुरू की आरती उतारकर उनसे आशीर्वाद मांगे।

- यदि आपके गुरू आपके पास हैं या आश्रम में हैं तो पूजा करने के बाद अपने गुरू के पास जाकर उनका पैर छूकर आशीर्वाद लेना चाहिए।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :   1 July 2023 12:31 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story