Pune City News: मुंबई चौपाटी की तर्ज पर हो पवना नदी घाट का विस्तार

मुंबई चौपाटी की तर्ज पर हो पवना नदी घाट का विस्तार

    भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। इस साल भी पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ उत्तर भारतीय समाज द्वारा पिंपरी चिंचवड़ में आस्था का महापर्व छठ धूमधाम से मनाया गया। चिंचवड़गांव स्थित पवना नदी घाट पर हनुमान मित्र मंडल और छठ पूजा समिति की ओर से भव्य छठ पूजा महोत्सव आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के कारण घाट छोटा पड़ गया, जिससे आयोजन के दौरान अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई। अब पवना नदी घाट का विस्तार और विकास मुंबई चौपाटी की तर्ज पर करने की पुरजोर मांग की जा रही है।

    छठ पूजा समिति के कार्याध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा है कि हिंदू शास्त्रों के अनुसार छठ पर्व को सूर्य षष्ठी व्रत भी कहा जाता है। यह व्रत महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और कल्याण की कामना के लिए करती हैं। पिछले 20 से 25 साल से चिंचवड़गांव के पवना घाट पर पारंपरिक उत्सव निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर सूर्य षष्ठी महाव्रत महापूजा, छोटी छठ, भव्य गंगा आरती तथा धार्मिक और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। हर साल यहां श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है।

    गुप्ता ने यह भी कहा कि मनपा, पुलिस प्रशासन और स्थानीय नागरिकों का सहयोग इस पर्व को सफल बनाने में हमेशा मिलता रहा है, लेकिन अब श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी के कारण घाट का विस्तार आवश्यक हो गया है। उन्होंने पिंपरी चिंचवड़ मनपा से मांग की है कि मनपा ने मुंबई चौपाटी की तर्ज पर पवना नदी घाट का विस्तार कराना चाहिए, ताकि आने वाले वर्षों में बढ़ती श्रद्धालु संख्या को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित और व्यवस्थित व्यवस्था की जा सके। पवना नदी घाट का सौंदर्यीकरण और विस्तार केवल धार्मिक दृष्टि से नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से भी शहर के लिए गौरव की बात होगी।

    Created On :   30 Oct 2025 3:49 PM IST

    Tags

    और पढ़ेंकम पढ़ें
    Next Story