- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- स्पीड ब्रेकर आने से अचानक ब्रेक...
Pune News: स्पीड ब्रेकर आने से अचानक ब्रेक दबाया, महिला सड़क पर गिरी और मौत

भास्कर न्यूज, पुणे। दौंड तहसील के पाटस गांव में एक सड़क हादसे में मां की मौत हो गई। घटना में बेटा तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल चला रहा था और सामने आए स्पीड ब्रेकर पर उसने जोर से ब्रेक लगा दिया। पीछे बैठी मां संतुलन खो बैठीं, सिर के बल सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एफआईआर के अनुसार, बेटा अपनी मां को खेत से घर ला रहा था। मोटरसाइकिल तेज रफ्तार में चल रही थी। सामने स्पीड ब्रेकर दिखते ही उसने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे उसकी मां गिर गई और सिर में गंभीर चोट लगी। यवत पुलिस ने बेटे अशोक कैलास लोंढे (40, निवासी पाटस, तालुका दौंड, जिला पुणे) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराएं 106(1), 125(अ), 125(ब), 281 और मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और चश्मदीद गवाहों के बयान के चलते 29 अक्टूबर को यह मामला दर्ज किया गया।
यह हादसा 12 जुलाई 2025 की शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ था। मृतका सुलोचना कैलास लोंढे (67) अपने पति कैलास बाजीराव लोंढे (75) के लिए खेत में खाना लेकर गई थी। शाम को उनका बेटा अशोक बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल लेकर उन्हें घर लाने गया। जब दोनों देउलगांव रसाल से लौट रहे थे, तो पाटस–बारामती मार्ग पर पीडगेकर पुल के पास स्पीड ब्रेकर आने से अशोक ने अचानक ब्रेक लगाया। मोटरसाइकिल असंतुलित हो गई और सुलोचना सड़क पर गिर पड़ीं। घायल महिला को तुरंत पाटस के ओम हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां से उन्हें लोणी कालभोर स्थित विवराज हॉस्पिटल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि सुलोचना की मौत हो चुकी है। शव को वानवड़ी स्थित ए.एफ.एम.सी. हॉस्पिटल भेजकर पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट में सिर की गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटना अशोक कैलास लोंढे की तेज और लापरवाह ड्राइविंग के कारण हुई। परिवार के अन्य सदस्यों पति कैलास बाजीराव लोंढे, बेटा विनोद लोंढे (42) और पोता अभिजीत लोंढे (19) ने भी पुलिस जांच में बताया कि अशोक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। यवत पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है। पुलिस निरीक्षक नारायण शिवाजीराव देशमुख ने बताया कि जांच में साफ हुआ है कि वाहन तेज रफ्तार में चलाया गया और यातायात नियमों की अनदेखी की गई।
Created On :   30 Oct 2025 5:29 PM IST












