- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- मुंबई-पुणे के बिच बनेगी इनोवेशन...
Pune City News: मुंबई-पुणे के बिच बनेगी इनोवेशन सिटी : फडणवीस

भास्कर न्यूज, पुणे। केंद्र सरकार राष्ट्रीय विनिर्माण मिशन (नेशनल मैन्युफैक्चरिंग मिशन) शुरू कर रही है। उसी तर्ज पर महाराष्ट्र सरकार भी स्टेट मैन्युफैक्चरिंग मिशन शुरू करेगी। यह घोषणा राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को पुणे में की। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि राज्य में विश्वस्तरीय ग्लोबल फ्रंटियर टेक्नोलॉजी इंस्टिट्यूट स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नीति आयोग द्वारा यशदा में आयोजित 'द रोड टू इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-26' सम्मेलन में 'रीइमेजिनिंग मैन्युफैक्चरिंग: इंडियाज रोडमैप टू ग्लोबल लीडरशिप इन एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग' विषय पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पुणे में विनिर्माण क्षेत्र के लिए रोडमैप वाली बहुत अच्छी रिपोर्ट प्रकाशित करने के लिए नीति आयोग को धन्यवाद देता हूं। इस क्षेत्र में उन्नत तकनीक पुणे में देखी जा सकती है। हमें विनिर्माण विकास के लिए नई सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। इसके लिए आधुनिक तकनीक की आवश्यकता है। नई तकनीक के साथ वैश्विक प्रतिस्पर्धा में जगह बनाने के साथ-साथ नई क्रांति का सामना करना आवश्यक है। आज, 'एआई', क्वांटम कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर के तीन स्तंभों ने हर क्षेत्र को बहुत प्रभावित किया है। हम इसका लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
महाराष्ट्र उन्नत विनिर्माण क्षेत्र का नेतृत्व करेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र उन्नत विनिर्माण क्षेत्र में देश का नेतृत्व करेगा, जिसके लिए राज्य का विनिर्माण मिशन शुरू किया जाएगा। राज्य ने विकसित महाराष्ट्र-2047 विजन तैयार किया है और विनिर्माण क्षेत्र में परिवर्तन भी इसका हिस्सा है। उन्नत विनिर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा और इससे क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। अन्य देशों को भारत की ओर आकर्षित करने के साथ-साथ इसके लिए आवश्यक सुविधाएं भी निर्मित करना होंगी। ऐसा कर हम कुशल और रचनात्मक बुद्धि वाले लोगों को आकर्षित कर सकते हैं। फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत टास्क फ़ोर्स का गठन किया है और इसके अंतर्गत 100 सुधार करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार, नीति आयोग के सीईओ बी.वी.आर. सुब्रमण्यम, शहरी विकास राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, मित्रा संस्था के सीईओ प्रवीण परदेशी, नीति आयोग की फेलो देबजानी घोष और सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी आदि मौजूद थे।
इनोवेशन सिटी में इंस्टिट्यूट बनाने के प्रयास
सीएम ने बताया कि महाराष्ट्र देश की डेटा सेंटर राजधानी बन गया है। पुणे विनिर्माण और प्रौद्योगिकी का शहर है। राज्य सरकार ने पुणे और मुंबई के बीच क्वांटम कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया है। नवी मुंबई डेटा सेंटर शहर है और पुणे और मुंबई के बीच इनोवेशन सिटी बनाई जा रही है। वहां विश्वस्तरीय ग्लोबल फ्रंटियर टेक्नोलॉजी इंस्टिट्यूट बनाने का प्रयास किया जाएगा। एजुसिटी की भी स्थापना की जा रही है और उसमें दुनिया की 12 सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सिटी आएंगी, जिनमें से सात आ चुके हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि महाराष्ट्र को विनिर्माण क्षेत्र में आगे रखते हुए भारत को उन्नत विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाया जाएगा।
Created On :   30 Oct 2025 2:13 PM IST












