Pune News: निष्क्रिय अफसरों को मनपा दिखाएगी ‘दरवाजा’

निष्क्रिय अफसरों को मनपा दिखाएगी ‘दरवाजा’
नए अधिकारियों को लाएंगे, आयुक्त ने दिए संकेत

भास्कर न्यूज, पुणे। बार-बार निर्देश के बावजूद काम में लापरवाही बरतने वाले और अनदेखी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों से महापालिका आयुक्त नवलकिशोर राम नाराज हैं। अब आयुक्त ने एक-एक को निशाने पर लेना शुरू कर दिया है। उन्होंने तय किया है कि खामियों को दूर करने के लिए आयुक्त ने निष्क्रिय और निर्णय नहीं लेने वाले अफसरों को हटाकर नियमों के अनुसार सही निर्णय लेने वाले सक्षम अधिकारियों को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया है।

आने वाले कुछ दिनों में मनपा के विभिन्न विभागों के प्रमुखों को बदला जा सकता है। मनपा आयुक्त ने भी इसकी पुष्टि की है। महापालिका पिछले साढ़े तीन साल से प्रशासक के माध्यम से संचालित हो रही है। सदन अस्तित्व में नहीं होने के कारण नगरसेवक नहीं हैं, जिस कारण कामकाज अधिकारियों की मनमानी से चल रहा है। जब नगरसेवक होते हैं, तो नगर निगम की मुख्य बैठक और स्थायी समिति में अधिकारियों से सवाल पूछे जाते हैं। इससे उन पर लगाम लगती है। काम में अनुशासन रहता है। वे समय पर कार्यालय आते-जाते हैं, लेकिन प्रशासकराज में अधिकारियों और कर्मचारियों पर कोई अंकुश नहीं है। इस कारण प्रशासन में अनुशासन बिगड़ गया है। मनपा उपायुक्तों, सहायक आयुक्तों, विभाग प्रमुखों का लिपिकों समेत अन्य कर्मचारियों पर नियंत्रण जरूरी है, लेकिन अनुशासनहीनता के कारण शहर का बुनियादी ढांचा चरमरा गया है। नागरिक गड्ढों, कचरे, सीवेज और असमान जलापूर्ति से त्रस्त हैं।

महत्वपूरर्ण विभागों में नियुक्ति की होड़

यह भी संभावना है कि राज्य सरकार से प्रतिनियुक्ति पर आए अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। मनपा में सामान्य प्रशासन, संपत्ति प्रबंधन, संपत्ति कर और कर संग्रह, सुरक्षा, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विभाग महत्वपूर्ण हैं। अधिकारी इन विभाग में जगह बनाने की होड़ में हैं। ऐसे में अब इस बात पर ध्यान दिया जा रहा है कि आयुक्त अधिकारियों की नियुक्ति करते समय किन मानदंडों को लागू करेंगे। दिवाली के दौरान आयुक्त ने वाघोली, मांजरी और शेवालवाड़ी का दौरा किया। वहां की स्थिति देखने के बाद उन्होंने कुछ अधिकारियों का तबादला और कुछ को निलंबित कर दिया। निर्माण विभाग के टीडीआर सेल के इंजीनियरों को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

पुणे मनपा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों में बदलाव होने जा रहा है। हमारे पास बाहर से कुछ अच्छे अधिकारी आने वाले हैं। जरूरी है कि काम व्यवस्थित और तेजी से हो। इसके लिए बदलाव जरूरी है।

- नवलकिशोर राम, मनपा आयुक्त

Created On :   29 Oct 2025 4:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story