- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- महिला डॉक्टर आत्महत्या: जिस...
Pune News: महिला डॉक्टर आत्महत्या: जिस विवाहिता की पीएम रिपोर्ट बदलने का था दबाव, उसके माता-पिता ने जताया संदेह

भास्कर न्यूज़, सातारा। फलटन उपजिला अस्पताल की मृत महिला डॉक्टर के मामले में जिस विवाहिता की शव परीक्षण (पी.एम.) रिपोर्ट बदलने के लिए कथित तौर पर दबाव डाला गया था, उस विवाहिता के माता-पिता सोमवार को सामने आए। अपनी बेटी की पी.एम. रिपोर्ट बदले जाने का संदेह उन्होंने व्यक्त किया। जिसके बाद से ही यह मामला और उलझ गया है। मामले ने राजनीतिक मोड़ ले लिया है। विरोधी दलों ने पूर्व सांसद पर दबाव बनाने का आरोप लगाया हुआ है। हालांकि खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे खारिज कर दिया था।
- शव परीक्षण रिपोर्ट बदले जाने का आरोप लगाया
मृत विवाहिता दीपाली निंबालकर वाठार निंबालकर की रहने वाली थी। उनका विवाह साल 2021 में सैन्य अधिकारी अजिंक्य निंबालकर से हुआ था। इसके बाद उन्हें ससुराल पक्ष की ओर से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था। आखिरकार, इस उत्पीड़न से तंग आकर, उन्होंने 19 अगस्त 2025 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद फलटन उपजिला अस्पताल में उनका शव परीक्षण किया गया था। आरोप है कि इसके बाद वहां की महिला डॉक्टर पर उस शव परीक्षण रिपोर्ट को बदलने के लिए दबाव डाला गया था। दीपाली की मां भाग्यश्री मीडिया के सामने आईं और उन्होंने अपनी बेटी की शव परीक्षण रिपोर्ट बदले जाने का आरोप लगाया। मामले में उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक वैशाली कड़वकर से इस प्रकरण की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने कहा, "मेरी बेटी की मौत के बाद 5 दिनों तक पुलिस ने शव परीक्षण रिपोर्ट नहीं दी थी। उस रिपोर्ट पर आत्महत्या करने वाली महिला डॉक्टर ने ही हस्ताक्षर किए थे। मेरी बेटी के मामले का सच राजनीतिक दबाव और पुलिस की मिलीभगत से दबा दिया गया। महिला डॉक्टर पर गलत रिपोर्ट तैयार करने के लिए दबाव डाला गया था। उन्होंने अपनी सुसाइड नोट में भी इसका उल्लेख किया है। इसलिए, अब हमें न्याय चाहिए," उन्होंने कहा। उनकी इस मांग से इस मामले का रहस्य और गहरा गया है।
Created On :   28 Oct 2025 3:58 PM IST












