Sheetala Ashtami 2026: बुधवार को मनाई जा रही है शीतलाष्टमी, जानिए पूजा विधि और धार्मिक महत्व

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिंदू धर्म में शीतलाष्टमी का विशेष महत्व माना जाता है, जो कि प्रत्येक महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को आती है। लेकिन पुराणों में चैत्र, वैशाख, ज्येष्ठ और आषाढ़ महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को अत्यधिक फलदायी बताया गया है। यह व्रत और पूजा मां शीतला को समर्पित होती है। भक्त इस दिन व्रत रखकर मां से सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद मांगते हैं। आषाढ़ माह में यह व्रत 8 जुलाई 2026, बुधवार को रखा जा रहा है।
शीतला माता की महिमा का उल्लेख पुराणों में भी मिलता है। शीतला माता के हाथ में झाडू और कलश होता है। माता के हाथ में झाडू होने का अर्थ लोगों को सफाई के प्रति जागरुक करने से होता है। कलश में सभी देवी-देवताओं का वास रहता है। इनका वाहन गर्दभ यानि गधा है। आइए जानते हैं इसका धार्मिक महत्व और पूजा विधि...
धार्मिक मान्यता और महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां शीतला को रोगों का नाश करने वाली देवी माना जाता है। उनकी पूजा करने से चेचक सहित विभिन्न संक्रामक रोगों से रक्षा होने और परिवार के स्वास्थ्य की कामना की जाती है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से मां शीतला की आराधना करने से परिवार को रोगों और महामारी से सुरक्षा का आशीर्वाद मिलता है तथा सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
आषाढ़ कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि कब से कब तक
अष्टमी तिथि आरंभ: 7 जुलाई 2026, मंगलवार की दोपहर 01 बजकर 25 मिनट से
अष्टमी तिथि समापन: 8 जुलाई 2026, बुधवार की दोपहर 12 बजकर 22 मिनट तक
यह भी पढ़े -बाबा बर्फानी के दरबार की ओर बढ़ा चौथा जत्था, श्रद्धालुओं ने सुरक्षा और इंतजामों की दिल खोलकर की तारीफ
पूजा विधि
- घर के पूजा स्थल या मंदिर में मां शीतला की प्रतिमा या चित्र स्थापित करें।
- गंगाजल से स्थान को शुद्ध कर दीपक और धूप जलाएं।
- मां शीतला को हल्दी, कुमकुम, अक्षत, पुष्प और चुनरी अर्पित करें।
- परंपरा के अनुसार ठंडे या एक दिन पहले तैयार किए गए व्यंजनों का भोग लगाएं।
- शीतला माता की कथा का श्रवण या पाठ करें।
- अंत में आरती कर परिवार के सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करें।
व्रत में रखें इन बातों का ध्यान
- परंपराओं में इस दिन चूल्हा नहीं जलाया जाता और पहले से तैयार भोजन का ही सेवन किया जाता है।
- पूजा पूरी श्रद्धा और स्वच्छता के साथ करें।
- जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र या अन्य उपयोगी वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   8 July 2026 1:16 PM IST










