Varalakshmi Vrat 2025: वरलक्ष्मी व्रत के दिन इस विधि से करें पूजा, जानिए पूजा सामग्री और इसका महत्व

- वरलक्ष्मी का व्रत खास तौर पर विवाहित महिलाएं रखती हैं
- पति और बच्चों की लंबी आयु के लिए व्रत रखा जाता है
- देवी लक्ष्मी की पूजा अष्टलक्ष्मी की पूजा करने के बराबर है
डिजिटल डेस्क, भोपाल। सावन का महीना अपने अंतिम चरण में है और इस माह के आखिरी शुक्रवार को वरलक्ष्मी व्रत (Varalakshmi Vrat 2025) का व्रत रखा जाता है। इस दिन मां लक्ष्मी के वरलक्ष्मी स्वरूप की पूजा की जाती है। यह व्रत विवाहित महिलाएं पति और बच्चों की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए रखती हैं। हिंदू शास्त्रों के अनुसार, इस शुभ दिन पर देवी लक्ष्मी की पूजा करना अष्टलक्ष्मी की पूजा करने के बराबर माना गया है, जिनमें प्रेम, धन, शक्ति, शांति, प्रसिद्धि, खुशी, पृथ्वी और विद्या की आठ देवी शामिल हैं।
माना जाता है कि इस व्रत को करने से आर्थिक तंगी दूर होती है और व्यक्ति धनवान होता है। सुख-समृद्धि और संपदा की देवी लक्ष्मी भक्तों की दरिद्रता दूर करती हैं वहीं भगवान गणेश हर तरह के विघ्न-बाधाओं को हर लेते हैं। इस वर्ष यह व्रत 08 अगस्त 2025 को है। आइए जानते हैं पूजा सामग्री और पूजा विधि...
वरलक्ष्मी पूजा सामग्री
वरलक्ष्मी की पूजा सामग्री में नारियल, चंदन, हल्दी, कुमकुम, कलश, लाल वस्त्र, अक्षत, फल, फूल, दूर्वा, दीप, आम के पत्ते, पान के पत्ते, दही, केले, पंचामृत, धूपस माला, हल्दी, मौली, दर्पण, कंघा, कपूर दूध और जल एकत्रित कर लें।
व्रत एवं पूजा विधि
- स्नानाआदि से निवृत्त होने के बाद पूजा घर में साफ आसन पर बैठें।
- पूजा की चौकी पर साफ लाल कपड़ा बिछाकर माता लक्ष्मी और गणेश जी की मूर्ति या तस्वीर रखें।
- इसके बाद विधि विधान से दोनों की पूजा के बाद माता लक्ष्मी को श्रृंगार के 11 सामान अर्पित करें।
- पूजा के दौरान लक्ष्मी स्तोत्र का पाठ जरूर करें, इससे माता लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
- शाम के समय माता लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा करें, उनको मिठाई का भोग लगाएं।
- इसके बाद आरती करें।
- पूजा के बाद कन्या भोज करें, उनको मिठा भोजन कराएं और कुछ दान भी करें।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   7 Aug 2025 5:52 PM IST