राजीव गांधी प्रौद्यौगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया हिंदी महोत्सव शंखनाद '22

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजीव गांधी प्रौद्यौगिकी विश्वविद्यालय द्वारा 11 और 12 अक्टूबर को मध्य भारत का सबसे बड़ा सांस्कृतिक हिंदी महोत्सव शंखनाद "22 आयोजित किया गया। इस वर्ष शंखनाद का विषय आत्मनिर्भर भारत था जिसका उद्देश्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से मातृभाषा हिंदी को बढ़ावा देना था।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह 11 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे मुख्य अतिथि डॉ.नीरजा गुप्ता, कुलपति सांची विश्वविद्यालय द्वारा सरस्वती वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, कुलपति राजीव गांधी प्रौद्यौगिकी विश्वविद्यालय द्वारा की गई। साथ ही साथ इस कार्यक्रम के विभाग समन्वयक डॉ. संजीव शर्मा तथा अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
इस आयोजन में विभिन्न शहरों के कई महाविद्यालयों से लगभग 500 से 600 छात्रों ने पंजीकरण किया। पहले दिन के कार्यक्रमों में स्वरागिनी, ओज, अनकही, सारंग लक्ष्य और नृत्यांगली जैसी प्रतियोगिताएं शामिल थे। इन कार्यक्रमों में सभी लोगों की अद्भुत और रोचक भागीदारी देखी गई। स्वरागिनी तथा नृत्यांजलि में 100 से अधिक छात्रों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी।
12 अक्टूबर को शंखनाद की सबसे बड़ी गतिविधियों में से एक नुक्कड़ नाटक के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई इसके अलावा वाद विवाद, आनन चित्रकारी एवं परिधानिका जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसी दिन अमृत वर्षा ( कवि सम्मेलन) कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें मध्य प्रदेश के कई विख्यात कवियों को आमंत्रित किया गया था। इसमें छात्रों को कवियों की कई बेहतरीन कविताएं और शायरियां सुनने को मिलीं जिसने शंखनाद को नया आयाम प्रदान किया। कवि सम्मेलन के अंत में कवियों को माननीय कुलपति सुनील गुप्ता जी एवं डॉ. आर. राजपूत, रजिस्ट्रार आरजीपीवी द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, कुलपति राजीव गांधी प्रौद्यौगिकी विश्वविद्यालय एवं डॉ. संजीव शर्मा द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र दिए गए। इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उल्लास दर्शनीय था। कार्यक्रम के अंत में कुलपति जी द्वारा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं तथा शंखनाद कार्यान्वन समिति के सभी सदस्यों को सफल आयोजन हेतु बधाई दी। इस प्रकार शंखनाद "22 का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। नवीन ऊर्जा और उत्साह के साथ शंखनाद पुनः लौटेगा अगले वर्ष।
Created On :   14 Oct 2022 4:52 PM IST