Oscars 2026: ‘सिनर्स’ के एतिहासिक रिकॉर्ड से लेकर प्रियंका चोपड़ा के प्रेजेंटर बनने तक, जानिए इस बार ऑस्कर में क्या कुछ होगा खास?

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ऑस्कर अवॉर्ड्स फिल्मी जगत का सबसे बड़ा अवॉर्ड है। एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (एएमपीएएस) इसे हर साल प्रस्तुत करता है। ऑस्कर के 98वें संस्करण का आयोजन आज यानी रविवार 15 मार्च को किया जाएगा। यह अवॉर्ड समारोह लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया जाएगा। हालांकि, भारत में इसे सोमवार 16 मार्च की सुबह साढ़े चार बजे से देखा जा सकेगा। अवॉर्ड समारोह से पहले जानते हैं इस बार ऑस्कर में क्या कुछ खास और अलग होने वाला है।
सबसे अधिक नॉमिनेशन पाकर ‘सिनर्स’ ने रचा इतिहास
ऑस्कर 2026 में सभी की नजरें विनर पर होती है। इस बार जिन फिल्मों और उनके कलाकारों के बीच ऑस्कर की होड़ लगी है, उनमें सबसे अधिक नजरें रायन कूगलर की 'सिनर्स' पर रहेंगी। इस फिल्म को बेस्ट पिक्चर, बेस्ट एक्टर और बेस्ट डायरेक्टर समेत टोटल 16 नॉमिनेशंस मिले हैं। ये ऑस्कर इतिहास में किसी भी फिल्म को मिले सबसे अधिक नॉमिनेशन हैं। ‘सिनर्स’ ने 'टाइटैनिक' और 'ला ला लैंड' जैसी फिल्मों के 14 नामांकनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
इन फिल्मों में लगी है ऑस्कर जीतने की होड़
‘सिनर्स’ के अलावा जिन फिल्मों के बीच इस बार ऑस्कर जीतने की होड़ लगी है, उनमें लियोनार्डो डिकैप्रियो की 'वन बैटल आफ्टर अनअदर' भी शामिल है। इसे 13 नॉमिनेशन मिले हैं। इसके अलावा तीसरे नंबर पर 9 नॉमिनेशन्स के साथ तीन फिल्में रही हैं, जिनमें 'फ्रैंकेस्टाइन', 'मार्टी सुप्रीम' और 'सेंटीमेंटल वैल्यू' शामिल हैं।
नई कैटेगरी की हुई शुरुआत
ऑस्कर 2026 में एक नई अवॉर्ड कैटेगरी की शुरुआत हुई है। इस साल पहली बार 'बेस्ट कास्टिंग' कैटेगरी में अवॉर्ड दिया जाएगा। इससे पहले ये कैटेगरी शामिल नहीं थी। लेकिन अब 98 साल बाद यह नई कैटेगरी शामिल की गई है।
दूसरी बार कॉनन ओ'ब्रायन करेंगे होस्ट
लोकप्रिय कॉमेडियन और होस्ट कॉनन ओ'ब्रायन ही इस बार भी ऑस्कर सेरेमनी को होस्ट करेंगे। वो लगातार दूसरी बार ऑस्कर समारोह की मेजबानी करेंगे।
प्रेजेंटर के तौर पर शामिल होंगे ये बड़े दिग्गज
हर बार की तरह इस बार भी प्रेजेंटर्स में कई दिग्गज नाम शामिल हैं। इनमें रॉबर्ट डाउनी जूनियर, ऐन हैथवे, ग्वेनेथ पाल्ट्रो, पॉल मेस्कल और विल आर्नेट जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे शामिल हैं। इसके अलावा पिछले साल के विजेता भी इस बार मंच पर ट्रॉफी देते नजर आएंगे। इनमें मिकी मैडिसन (बेस्ट एक्ट्रेस), एड्रियन ब्रॉडी (बेस्ट एक्टर), जो सल्डाना (बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस) और किरन कल्किन (बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर) शामिल हैं। ग्लोबल स्टार बन चुकीं भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा भी 98वें ऑस्कर में बतौर प्रेजेंटर नजर आएंगी। इससे पहले वो 2016 के ऑस्कर में भी बतौर प्रेजेंटर शामिल हुई थीं।
Created On :   15 March 2026 12:23 PM IST












