Dhruv Rathee On Matrubhumi: क्यों नहीं रिलीज हो रही सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि'? ध्रुव राठी ने किया बड़ा दावा, यूजर्स ने दिए रिएक्शन

डिजिटल डेस्क, भोपाल। यूट्यूबर ध्रुव राठी 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन में शामिल होने के बाद से चर्चा में हैं। इसके अलावा वे कई बार सेलिब्रिटीज और फिल्मों को लेकर भी अपने ओपिनियन देते रहते हैं। अब उन्होंने आरोप लगाया है कि राजनीतिक दबाव के कारण सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की रिलीज पर असर पड़ रहा है। राठी का दावा है कि फिल्म की दोबारा शूटिंग इसलिए की गई क्योंकि सरकार नहीं चाहती थी कि फिल्म बनाने वाले चीन को नेगेटिव रोल में दिखाएं।
फिल्म को लेकर क्या हैं ध्रुव राठी के इल्जाम?
बीते कल दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फिल्म पर बात करते हुए राठी का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फिल्म के बारे में बात करते हुए राठी ने कहा 'सलमान खान की एक फिल्म आ रही थी, जिसमें चीन के खिलाफ कुछ बातें थीं। सरकार में इतनी हिम्मत नहीं थी कि वह उस फिल्म को रिलीज होने दे। सलमान खान की फिल्म की पूरी रीशूटिंग करवाई गई और कहा गया, 'नहीं, नहीं, इसे चीन के पक्ष में बनाओ। हम उनके इतने खिलाफ नहीं जा सकते।''
यूजर्स ने दिए रिएक्शन
राठी की बातों ने एक्स पर बहस छेड़ दी है। यूजर्स ने फिल्म में किए गए कथित बदलावों पर अपनी राय रखी है। इस क्लिप पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा, 'मतलब उन्होंने हमारे जवान भी मार दिए और हम चीन का जिक्र भी नहीं कर सकते।' एक और यूजर ने राठी की बात से सहमति जताते हुए लिखा, 'असल में यही मसला था, इसलिए सलमान खान की इस फिल्म में दिलचस्पी खत्म हो गई।' सलमान खान के एक फैन पेज ने भी यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'खैर, भले ही सलमान खान ने कुछ न कहा हो, मगर कम से कम ध्रुव राठी ने मातृभूमि फिल्म के बारे में सही बात कही है।'
यह भी पढ़े -'भाषा से भावना व्यक्त करने के तरीके में बदलाव आता है', 'बा बा ब्लैक शीप' की मालवी मल्होत्रा
कब रिलीज होगी फिल्म
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की घोषणा पहले 'बैटल ऑफ गलवान' के नाम से की गई थी। यह फिल्म 2020 में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई गलवान घाटी की झड़प पर आधारित है, जिसमें भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए थे। खबरों के मुताबिक, इस वॉर ड्रामा फिल्म को सूचना और प्रसारण मंत्रालय से 'नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' मिल गया है। यह फिल्म नवंबर में सिनेमाघरों में आ सकती है।
Created On :   12 Oct 2026 12:39 PM IST












