Oscar Entry 2027: ऑस्कर के लिए क्यों नहीं चुनी गई रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर'? असल वजह का हुआ खुलासा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ऑस्कर अवॉर्ड फिल्मी दुनिया के सबसे बड़े अवॉर्ड में से एक है। किसी भी कलाकार को ये अवॉर्ड मिलना बहुत ही सम्मान की बात मानी जाती है और दुनियाभर में देश का नाम होता है। इसी बीच मराठी फिल्म 'गोंधल' को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री के तौर पर घोषित किया गया है। इसी के बाद से सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है कि इस फिल्म ने रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' को भारत की ऑफिशियल ऑस्कर एंट्री की रेस में पीछे छोड़ दिया। अब, 'फिल्म फेडरेशन ऑफ़ इंडिया' की जूरी के मेंबर विवेक वासवानी ने 'धुरंधर' को न चुने जाने की वजह का खुलासा किया है।
यह भी पढ़े -'हनुमान अंश' के भक्ति गीत ने मचाया धमाल, गायक साधु तिवारी बोले-इतनी सफलता की उम्मीद नहीं थी
'धुरंधर' भारत की ऑफिशियल ऑस्कर एंट्री क्यों नहीं बनी?
बता दें कि एनडीटीवी संग बातचीत के दौरान विवेक वासवानी से पूछा गया था कि जब जूरी को भारत से एक फिल्म चुनकर अंतिम फैसला लेना था, तो 'धुरंधर' किस पायदान पर थी। इसके जवाब में विवेक वासवानी ने कहा, "कुछ लोगों को यह पसंद आई, लेकिन हमें नहीं लगा कि यह ऑस्कर के लायक फ़िल्म थी।" विवेक ने आगे बताया कि 'धुरंधर' फिल्म भारतीय संस्कृति को उस तरह से नहीं दिखाती थी, जैसा जूरी भारत की ऑफिशियल एंट्री चुनते समय चाहती थी। जब उनसे पूछा गया कि जूरी के 14 सदस्यों में से कितने लोगों ने फ़िल्म के फेवर में वोट दिया, तो विवेक ने जवाब दिया, "चार ने वोट किए थे।
'गोंधल' ने 33 फिल्मों को दी मात
'गोंधल' 33 फिल्मों में से चुनकर सामने आई। इन 33 फिल्मों में 14 हिंदी, चार मराठी, चार तेलुगु, तीन गुजराती, तीन तमिल, एक मलयालम, एक नेपाली और नागालैंड की एक फिल्म शामिल थी। जूरी ने जिन तीन फिल्मों को फाइनल के लिए चुना, वे थीं 'गोंधल', 'अंग' और 'मैं वापस आऊंगा। इनमें से मराठी फिल्म 'गोंधल' को 2027 के ऑस्कर के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री के तौर पर चुना गया है।
Created On :   19 Sept 2026 3:46 PM IST












