फैक्ट चेक: टीएमसी विधायक के पुलिसकर्मी को पीटने का दावा फर्जी, साल 2018 का वीडियो हालिया बता कर किया जा रहा शेयर, जानें पूरा सच

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तूल पकड़ता जा रहा है। क्लिप में एक शख्स को पुलिसकर्मी को पीटते हुए देखा जा सकता है। यूजर्स इस वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर दावा कर रहे हैं कि हाल में तृणमूल कांग्रेस के विधायक मंसूर मोहम्मद दिमीर ने ड्यूटी कर रहे पुलिस वाले को पीटा। आपको बता दें कि, यह दावा पूरी तरह गलत है। घटना हाल फिलहाल की नहीं बल्कि साल 2018 की है।
क्या हो रहा है वायरल?
'Ajay Sanatani' नामक फेसबुक यूजर ने 23 मार्च को वायरल वीडियो अपने अकाउंट पर शेयर कर लिखा- बंगाल के MLA मंसूर मोहम्मद दिमीर को देखिये। जब पुलिस की वर्दी में ड्यूटी पर तैनात पुलिस का ये हाल है तो बंगाल के वोटरों का क्या हाल होगा…! इस वीडियो को इतना शेयर करें कि ये पूरे भारत में दिखे। वर्दी में बंगाल पुलिस को टीएमसी MLA मोहम्मद दिमीर ने पीटा।
क्या है वायरल वीडियो के पीछे की सच्चाई?
वायरल वीडियो की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने गूगल लेंस की मदद ली। ऐसा करने पर हमें आज तक की न्यूज रिपोर्ट् मिली जिसे 20 अक्टूबर 2018 को पब्लिश किया गया था। यह खबर भी इसी घटना पर आधारित थी। यहां से मिली जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के भाजपा वार्ड 40 से पार्षद मनीष कुमार के रेस्टॉरेंट का है। दरोगा सुखपाल नशे में रेस्टॉरेंट पहुंचे थे और रेस्टॉरेंट के कर्मियों से बहस की थी। इसके बाद बीजेपी पार्षद मनीष चौधरी से मारपीट हो गई।
इतना ही नहीं बल्कि, हमें एनडीटीवी के यूट्यूब चैनल पर भी वायरल वीडियो मिला जिसे 20 अक्टूबर 2018 को अपलोड किया गया था। इससे यह साफ होता है कि वायरल वीडियो के साथ जो दावा किया जा रहा है वह पूरी तरह फर्जी है।
Created On :  
