फैक्ट चेक: 1 जनवरी 2027 से बदल जाएंगे चेकबुक के नियम? RBI ने की वायरल दावे की पड़ताल, PIB ने भी किया अलर्ट

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नाम से एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि 1 जनवरी 2027 से देश में चेकबुक के नियम बदल जाएंगे। वायरल संदेश के मुताबिक, 31 दिसंबर 2026 के बाद मौजूदा चेकबुक इस्तेमाल नहीं की जा सकेंगी और नए सुरक्षा मानकों वाली चेकबुक अनिवार्य हो जाएगी। हालांकि, भारत सरकार की फैक्ट चेक एजेंसी प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB Fact Check) ने इस दावे को फर्जी बताया है। वहीं, RBI ने भी इस संबंध में अपनी स्थिति स्पष्ट की है।
यह भी पढ़े -क्या त्रिपुरा में BSF जवानों पर अटैक करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की, जानें वायरल वीडियो का सच
क्या है सोशल मीडिया पर वायरल दावा?
सोशल मीडिया पर RBI के नाम और लोगो के साथ एक पोस्टर शेयर किया जा रहा है। इसमें दावा किया गया है कि 1 जनवरी 2027 से नई चेकबुक व्यवस्था लागू होगी। इसके तहत चेकबुक में नए सुरक्षा फीचर्स जोड़े जाएंगे और पुराने चेकबुक 31 दिसंबर 2026 के बाद मान्य नहीं रहेंगे।
वायरल पोस्ट में लोगों को तय समय से पहले नई चेकबुक लेने और अपने बैंक से संपर्क करने की सलाह भी दी गई है। इस मैसेज के कारण बैंक ग्राहकों के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है।
PIB Fact Check ने क्या बताया?
भारत सरकार की फैक्ट चेक एजेंसी PIB Fact Check ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस दावे की पड़ताल की है। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि RBI की ओर से नई चेकबुक के नियम लागू करने को लेकर ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है।
PIB Fact Check ने इस दावे को फर्जी बताते हुए लोगों को आगाह किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट जानकारियों पर भरोसा न करें। किसी भी बैंकिंग नियम से जुड़ी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करें।
यह भी पढ़े -अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन बॉर्डर डेवलपमेंट से जुड़ा भ्रामक वीडियो वायरल, पीआईबी ने बताई सच्चाई
RBI ने भी जारी किया स्पष्टीकरण
भारतीय रिजर्व बैंक ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर इस वायरल संदेश को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। RBI के मुताबिक, उसके संज्ञान में एक ऐसा मैसेज आया है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 31 दिसंबर 2026 के बाद मौजूदा चेक ट्रंकेशन सिस्टम (CTS) वाली चेकबुक में बदलाव किया जाएगा और 1 जनवरी 2027 से नए सुरक्षा मानकों वाली चेकबुक लागू होंगी।
रिजर्व बैंक ने साफ किया कि फिलहाल चेकबुक को लेकर इस तरह का कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। न ही पुराने चेकबुक की वैधता समाप्त करने या नई चेकबुक अनिवार्य करने का कोई निर्देश जारी किया गया है। RBI ने वायरल संदेश को तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक बताया है।
बैंक ग्राहकों के लिए क्या है सलाह?
RBI ने आम लोगों से अपील की है कि बैंकिंग से जुड़े नियमों और बदलावों की जानकारी के लिए केवल उसकी ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। सोशल मीडिया या व्हाट्सऐप पर मिलने वाले किसी भी संदेश को बिना जांचे आगे न भेजें।
फैक्ट चेक का निष्कर्ष: 1 जनवरी 2027 से नई चेकबुक अनिवार्य होने और 31 दिसंबर 2026 के बाद पुरानी चेकबुक बंद होने का दावा पूरी तरह फर्जी है। PIB Fact Check और RBI दोनों ने इस जानकारी को गलत बताया है। इसलिए ग्राहकों को इस वायरल मैसेज से घबराने या जल्दबाजी में नई चेकबुक लेने की जरूरत नहीं है।
Created On :  

