देश में एक दिन में सर्वाधिक 17 हजार कोविड मामले दर्ज, 418 मौतें

देश में एक दिन में सर्वाधिक 17 हजार कोविड मामले दर्ज, 418 मौतें

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। देश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के लगभग 17 हजार नए मामले दर्ज हुए। इनमें 62 फीसदी मामले केवल तीन राज्यों महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु के हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के गुरुवार को जारी हुए डेटा के अनुसार अब तक देश में कुल 4.73 लाख मामले सामने आ चुके हैं।

16,922 नए मामलों के साथ भारत दुनिया में चौथा सबसे अधिक प्रभावित देश बन गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 418 मौतें हुईं हैं। इसके साथ ही देश में मौतों की कुल संख्या बढ़कर 14,894 हो गई है।

बुधवार को 24 घंटे में कोविड-19 के 15,968 मामले सामने आए थे।

महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु में कोविड -19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और पिछले 24 घंटे में जितने नए मामले दर्ज हुए हैं उनमें से 62 फीसदी इन तीन राज्यों से हैं।

राहत की बात ये है कि कोविड-19 से ठीक होने वाले रोगियों की संख्या में वृद्धि जारी है। वर्तमान में 1,86,514 सक्रिय मामलों की तुलना में ठीक हुए 2,71,696 रोगियों की संख्या अधिक है। अब रिकवरी रेट लगभग 57.42 प्रतिशत हो गया है।

महाराष्ट्र अब भी 1,42,900 मामलों और 6,739 मौतों के साथ सबसे खराब स्थिति में हैं। 24 घंटों में यहां 208 मौतें हुईं हैं और 3,890 मामले दर्ज हुए हैं।

दिल्ली में अब तक कुल 70,390 मामले आए और 2,365 मौतें हुईं, तमिलनाडु में कुल 67,468 मामले और 866 मौतें हुई हैं। पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 64 मौतों के साथ 3,788 मामले आए। वहीं तमिलनाडु में 33 मौतों के साथ 2,865 मामले दर्ज हुए।

10 हजार से अधिक मामलों वाले राज्यों में गुजरात में 28,943 मामले, इसके बाद उत्तर प्रदेश (19,557), राजस्थान (16,009), मध्य प्रदेश (12,448), पश्चिम बंगाल (15,173), हरियाणा (12,010), कर्नाटक, (10,118), आंध्र प्रदेश (10,331) और तेलंगाना (10,444) हैं।

भारत ने पिछले 24 घंटों में 2,07,871 लोगों पर कोविड -19 परीक्षण किए हैं।

जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के अनुसार वैश्विक कोविड-19 मामलों की कुल संख्या 94 लाख हो गई है, जबकि अब तक दुनिया में 4.82 लाख मौतें हो चुकी हैं।

 

Created On :   25 Jun 2020 6:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story