रूस-यूक्रेन युद्ध: जंग में भारतीय मूल के नागरिक की मौत, रूसी सेना में भारतीयों को जबरन भर्ती करवाने का आरोप

जंग में भारतीय मूल के नागरिक की मौत, रूसी सेना में भारतीयों को जबरन भर्ती करवाने का आरोप
  • तीसरे साल में प्रवेश हुई रूस-यूक्रेन की जंग
  • युद्ध में भारतीय मूल के नागरिक की हुई मौत
  • सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी खूनी संघर्ष को दो साल से ज्यादा का समय बीत चुका है। इस बीच युद्ध को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। युद्ध में भारतीय मूल के रूसी सैनिक की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद निवासी इस शख्स का नाम मोहम्मद असफान बताया गया है। वह लंबे समय से रूसी सेना में शामिल था और यूक्रेन के खिलाफ जंग लड़ रहा था। ऐसे में अब दावा किया जा रहा है कि उसे एक एजेंट के जरिए धोखे से रूसी सेना में सहायक के तौर पर शामिल किया गया था।

मोहम्मद असफान की 30 साल की उम्र में रूस-यूक्रेन की जंग में मौत हो गई है। असफान को कथित तौर पर एक एजेंट की ओर से अन्य लोगों के साथ युद्ध में सहायक के तौर पर उतारा गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, असफान अपने पीछे दो बच्चे और पत्नी छोड़ गए हैं।

रूस ने सात सैनिकों पर बनाया था दबाव

यूक्रेन के खिलाफ जंग में मोहम्मद असफान की मौत से पहले रूसी सेना की ओर से भारतीय नागरिकों की गिरफ्तारी का मामला सामने आया था। उस दौरान रूस पर कथित तौर पर ये आरोप लगाए गए थे कि वह यूक्रेन के खिलाफ भारत के इन नागरिकों को जबरन युद्ध के मैदान में उतार रहा है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भारत सरकार से इन नागरिकों को वापस बुलाने की अपील करते हुए सुना जा सकता है।

वीडियो में भारतीय नागरिकों ने इस बात की पुष्टि भी की है कि उन्हें और अन्य लोगों को रूसी सेना की ओर से एक समझौते पर जबरन हस्ताक्षर करवाने के लिए दबाव बनाया गया है।

रूस-युक्रेन की जंग का यह तीसरा साल

बता दें, रूस और यूक्रेन के बीच जंग का तीसरा साल शुरू हो चुका है। हाल ही में इस युद्ध में भारतीयों को लेकर कुछ खबरें भी सामने आई थी। बीते दिनों खबरें थी कि युक्रेन के खिलाफ रूस अपनी सेना में जबरन दर्जनों भारतीय नागरिकों को सहायक के तौर पर धोखे से शामिल कर रहा था। जिसके लिए रूसी सेना ने भारतीय नागरिकों को फ्रंटलाइन पर तैनात किया था।

Created On :   6 March 2024 1:23 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story